सीतापुर जनपद के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र स्थित बांसुरा ग्राम पंचायत के पासिनपुरवा (टपरी) गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शादी के महज आठ महीने बाद हुई इस घटना के बाद मृतका के परिजनों की तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतका की पहचान फूलकेसरी उर्फ राधा पत्नी विजय के रूप में हुई है। घटना की सूचना शाम करीब 7 बजे क्षेत्र में फैलते ही हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रामपुर मथुरा थाना पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल सीतापुर भेज दिया। घटनास्थल पर मृतका के ससुर राजित राम मौजूद मिले। मृतका का मायका बरियारपुर गांव बताया जा रहा है। थाना प्रभारी संजय कुमार पांडे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम पंचायत बांसुरा के प्रधान बदरूद्दीन और उनके पुत्र अदनान भी मौके पर पहुंचे। आपातकालीन सेवा 112 की टीम भी घटनास्थल पर मौजूद रही। पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।