सीतापुर में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई:तीन अवैध अस्पताल सील, कई संचालक प्रतिष्ठान बंद कर भागे

सीतापुर में स्वास्थ्य महकमे ने अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम और अस्पतालों के खिलाफ शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की है। सीएमओ के निर्देश पर एसीएमओ, सीएचसी अधीक्षक और नायब तहसीलदार की संयुक्त टीम ने लहरपुर कस्बे में छापेमारी कर तीन अस्पतालों को सील कर दिया। इस कार्रवाई से अवैध अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया, जबकि दो अस्पताल संचालक कार्रवाई की भनक लगते ही अपने अस्पताल बंद कर फरार हो गए। सीएमओ के निर्देश पर टीम ने लहरपुर क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। सबसे पहले हरगांव मार्ग, केशरी गंज स्थित जनता हॉस्पिटल की जांच की गई। जांच के दौरान अस्पताल से संबंधित आवश्यक कागजात प्रस्तुत न किए जाने पर टीम ने अस्पताल को तत्काल सील कर दिया। इसके बाद टीम ने वरदान हॉस्पिटल की जांच की, जहां अस्पताल संचालक किसी भी प्रकार के वैध प्रपत्र नहीं दिखा सका। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर इस अस्पताल को भी सील कर दिया गया। इसी दौरान अवैध अस्पतालों के खिलाफ चल रहे अभियान की सूचना मिलते ही श्री खाटू श्याम हॉस्पिटल का संचालक अस्पताल बंद कर मौके से फरार हो गया। जांच अभियान के तहत तहसील मार्ग स्थित नव जीवन हॉस्पिटल की भी जांच की गई, जिसका नवीन पंजीकरण बताया गया, लेकिन मौके पर न तो कोई मरीज मिला और न ही कोई डॉक्टर उपस्थित पाया गया। इसके बाद सीतापुर मार्ग स्थित सारा हॉस्पिटल की जांच की गई, जो बंद मिला। आगे बढ़ते हुए टीम ने सीतापुर मार्ग पर स्थित आर.ए. हॉस्पिटल की जांच की, जहां आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध न होने पर उसे भी सील कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अधिकांश अवैध अस्पताल संचालक अपने प्रतिष्ठान बंद कर भूमिगत हो गए हैं।कार्रवाई के संबंध में डिप्टी सीएमओ डॉ. दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि जांच के दौरान तीन अस्पतालों को आवश्यक प्रपत्र न मिलने के कारण सीज किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध रूप से संचालित अस्पतालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।