सीसीएसयू में मनाया गया 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस:उत्कृष्ट बीएलओ व ईआरओ को सम्मानित किया गया

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ के अटल सभागार में 25 जनवरी को भारत निर्वाचन आयोग की ओर से 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह मनाया गया। कार्यक्रम का थीम रहा “मेरा भारत, मेरा वोट”, जिसमें बड़ी संख्या में कॉलेज व स्कूलों के छात्र-छात्राएं,शहर के अधिकारी व पदाधिकारी उपस्थित रहे। मतदान प्रक्रिया में उत्कृष्ट कार्य करने वाली बीएलओ और ईआरओ को मंच से सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने उनके कार्य की सराहना करते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी व प्रभावी बनाने में बीएलओ और ईआरओ की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। राष्ट्रीय मतदाता शपथ दिलाई गई कार्यक्रम में मौजूद सभी छात्रों, अधिकारियों व कर्मचारियों को लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान करने की शपथ दिलाई गई। शपथ में सभी ने यह संकल्प लिया कि- धर्म, जाति, भाषा या वर्ग से ऊपर उठकर स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान करेंगे।​​​​​​​ समारोह में आयोजित एक विशेष नाटक के माध्यम से मताधिकार का महत्व दर्शाया गया, जिसमें युवाओं को बताया गया कि एक वोट भी देश की दिशा बदल सकता है और लोकतंत्र को मजबूत करता है। सभा में कविता पाठ, हस्ताक्षर अभियान और सेल्फी प्वाइंट के जरिए भी मतदाताओं को जागरूक किया गया। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने कहा की चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष व भयमुक्त कराने में पुलिस की बड़ी भूमिका है और चुनाव के दौरान पुलिस की भूमिका व जिम्मेदारियों पर विस्तार से बताया और युवाओं को सोच समझ कर वोट करने को कहा । कमिश्नर मेरठ मंडल भानु चन्द्र गोस्वामी ने कहा की वोट का अधिकार आजादी के संघर्ष का परिणाम है और युवा पहले राजनीतिक दलों की नीतियां पढ़ें, फिर जागरूक होकर मतदान करें साथ ही उन्होंने बीएलओ की भूमिका की सराहना की । जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने कहा एक भी नया मतदाता छूटना नही चाहिए और 18 वर्ष पार कर चुके युवा अपना वोट अवश्य बनवाएं । एडीजी भानु भास्कर बोले की राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुरुआत 2011 में हुई थी जिसका उद्देश्य 18–23 वर्ष के युवाओं को चुनावी प्रक्रिया से जोड़ना रहा और इस अभियान के बाद युवा मतदाताओं की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज भी हुई है। महिलाओं की भागीदारी को उन्होंने “परिवार की सामूहिक भागीदारी” बताया और साथ ही सभी नागरिकों से अपील करी की बीएलओ का सम्मान करें, वे सहयोग के लिए आते हैं । वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे
कार्यक्रम में एडीजी, कमिश्नर, डीआईजी, एसएसपी, डीएम, सीडीओ, सीएमओ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। हर विधानसभा से 10-10 बीएलओ, सुपरवाइज़र, ईआरओ, स्वीप नोडल व को-ऑर्डिनेटर को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।