सुभारती विवि में उत्तर प्रदेश दिवस और मतदाता जागरूकता कार्यक्रम:छात्रों ने लिया मतदाता शपथ, पतंग उत्सव और सरस्वती पूजा संग मनाई बसंत पंचमी

स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में उत्तर प्रदेश दिवस, मतदाता जागरूकता कार्यक्रम एवं बसंत पंचमी का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। विभिन्न आयोजनों में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता रही। केरल वर्मा सुभारती कॉलेज ऑफ साइंस में छात्र-छात्राओं द्वारा मतदाता शपथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदान के अधिकार और उसके महत्व के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. शशि राज तेवतिया के मार्गदर्शन में डॉ. धीर पाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को लोकतंत्र में मतदान की भूमिका, जिम्मेदार नागरिक के कर्तव्यों एवं निष्पक्ष मतदान के महत्व की जानकारी दी गई। सभी उपस्थित विद्यार्थियों को मतदाता शपथ दिलाई गई। इसी क्रम में कॉलेज द्वारा उत्तर प्रदेश दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। कार्यक्रम संयोजक डॉ. शशि राज तेवतिया ने उत्तर प्रदेश दिवस के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। वर्ष 2025 के लिए उत्तर प्रदेश दिवस की थीम “विकास और विरासत, प्रगति पथ पर उत्तर प्रदेश” रही।मुख्य अतिथि पूर्व विधायक जितेंद्र पाल सिंह सतवाई रहे, जिनका स्वागत विश्वविद्यालय के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज ने किया। मुख्य अतिथि ने विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रमों की सराहना की। अंत में डॉ. अमित कुमार ने आभार व्यक्त किया। वहीं विश्वविद्यालय के टीचर्स क्लब द्वारा बसंत पंचमी के अवसर पर फैकल्टी सदस्यों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुआ। पतंग उड़ान एवं पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता आयोजित की गई। पतंग प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार लिबरल आर्ट्स एंड ह्यूमैनिटीज विभाग, द्वितीय लॉ फैकल्टी तथा तृतीय डेंटल साइंस फैकल्टी को मिला। पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता में महिला वर्ग में डॉ. निशा सिंह और पुरुष वर्ग में डॉ. चंद्रमा विजेता रहे। आयोजन में टीचर्स क्लब पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा विश्वविद्यालय परिसर स्थित रानी चेन्नम्मा बालिका छात्रावास में बसंत पंचमी पर सरस्वती पूजा का आयोजन किया गया। पूजा वरिष्ठ वार्डन प्रो. (डॉ.) मोनिका मेहरोत्रा के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच माँ सरस्वती की प्रतिमा की स्थापना की गई। पूजा उपरांत छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। प्रो. (डॉ.) मोनिका मेहरोत्रा ने छात्राओं को अध्ययन, नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रेरित किया।