सुलतानपुर में संपत्ति विवाद, 3 और गिरफ्तार:पूर्व मंत्री पुत्र समेत 8 पहले भी हुए थे गिरफ्तार; चाचा की संपत्ति को लेकर फायरिंग का मामला

सुलतानपुर में संपत्ति विवाद से जुड़े मारपीट और फायरिंग मामले में पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पूर्व मंत्री राणा अजीत सिंह के पुत्र सहित आठ अभियुक्तों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। यह घटना 14 और 15 मार्च को अखण्डनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कल्यानपुर में हुई थी। चचेरे भाइयों के बीच चाचा की संपत्ति को लेकर विवाद के बाद मारपीट और फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया गया था। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था। प्राप्त तहरीर के आधार पर अखण्डनगर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत, अखण्डनगर पुलिस टीम ने 17 मार्च को तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान हेमू गौतम उर्फ हेमचंद्र (पुत्र हरिलाल, निवासी भगासा मुस्तफाबाद, सरपतहा, जौनपुर), दुर्गेश दुबे उर्फ छोटू (पुत्र करुणा शंकर दुबे, निवासी अमावां कला, सरपतहां, जौनपुर) और प्रवेश सिंह (पुत्र गुलाब सिंह, निवासी शहाबुद्दीनपुर उसरौली, खुटहन, जौनपुर) के रूप में हुई है। इन तीनों को मुखबिर की सूचना पर ग्राम जमालपुर के पास स्थित पुलिया से पकड़ा गया। गिरफ्तार सभी आरोपियों को आज सुलतानपुर न्यायालय में पेश किया गया है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संतोष कुमार राय, संतोष पाल सिंह, अमित कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार मौर्या और कांस्टेबल मनीष कुमार सिंह शामिल थे।