मेरे पति रोहित से किसी लड़की ने उनकी कंपनी का सुपरवाइजर बनकर वॉट्सऐप पर गोपनीय जानकारी ली थी। उन्होंने अनजाने में ये जानकारी शेयर की। इस बात की जानकारी लगते ही कर्नाटक पुलिस ने उनको गिरफ्तार किया। ये कहना है सुल्तानपुर के रोहित की पत्नी रीमा का, जिसे कर्नाटक पुलिस ने जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सुल्तानपुर से ही संत्री को भी पकड़ा है। इन पर समुद्री सुरक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारी पाकिस्तान भेजने का आरोप है। दोनों ने जहाज निर्माण, पोत संख्या समेत कई खुफिया जानकारी पाकिस्तान के नंबरों पर भेजी है। शुरुआती जांच में आरोपियों के मोबाइल से कई चैट, दस्तावेज और मीडिया फाइलें बरामद की गई हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जासूसी कब से चल रही थी। क्या इनके पीछे कोई संगठित नेटवर्क काम कर रहा है। रीमा का कहना है कि 16 नवंबर को कुछ लोग हमारे घर आए। उन्होंने खुद को पति रोहित की कंपनी का एम्प्लॉई बताया। पहले रोहित से घर पर पूछताछ की, फिर शाम 4 बजे उसे सुल्तानपुर के कूरेभार थाने ले गए। यहां से कर्नाटक लेकर गए। दैनिक भास्कर की टीम शनिवार को दोनों आरोपियों के गांव पहुंची। इनके परिजनों से बात की। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… रोहित (29) गोसाईगंज थानाक्षेत्र के अनंत राम पूर्वा गांव का और संत्री (37) जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के मयधन गांव कर रहने वाला है। संत्री कर्नाटक के उडुपी में शिपयार्ड में काम करता था। जबकि रोहित की नौकरी केरल के शिपयार्ड में लगी थी। बाद में उसका ट्रांसफर कर्नाटक कर दिया गया था। सुल्तानपुर की स्थानीय पुलिस कर्नाटक पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर जानकारी जुटाने में लगी है। पहले रोहित के घर से रिपोर्ट… जिला मुख्यालय से 15 किलोमीटर दूर अनंत राम पूर्वा गांव में रोहित का परिवार एक मंजिला घर में रहता है। दो कमरे पक्के बने हैं। रोहित 3 भाइयों में सबसे बड़ा है। उसकी एक बहन है। उसकी शादी नहीं हुई है। 2018 में रोहित की शादी हुई थी। घर पर रोहित की पत्नी रीमा और एक 5 साल की बेटी है। सबसे छोटा भाई भीम भी रोहित के साथ ही काम करता है। रोहित केरल में शिपयार्ड पर कई सालों से काम कर रहा था। वह यहां इंसुलेटर था। मार्च में पिता का शव लेकर आया था घर
पिता लल्ले भी रोहित के साथ ही काम करते थे। रोहित की पत्नी रीमा ने बताया- मार्च में पिता लल्ले की केरल में मौत हो गई थी। रोहित पिता का केरल से शव लेकर यहां आया था। इसके बाद ड्यूटी पर चला गया। रोहित को इस साल अप्रैल में कंपनी की तरफ से कर्नाटक के उडुपी जिले में भेजा गया था। तब से वहीं काम कर रहा था। वह 29 अक्टूबर को छुट्टी पर घर आया। 16 नवंबर को कर्नाटक पुलिस यहां आई। रोहित को लेकर कर्नाटक चली गई। रीमा ने बताया कि रोहित जब घर आया था, तो उसने लड़की को जानकारी देने की बात बताई थी। रोहित ने अनजाने में लड़की को अपनी कंपनी का एम्प्लॉई समझ कर जानकारी दी थी। आज पता लगा कि इसी मामले में उसे जेल भेज दिया गया। रोहित से अनजाने में यह गलती हुई है। अब संत्री के घर से रिपोर्ट… दोनों भाइयों को मामा ने पाला था
जिला मुख्यालय से 25 किलोमीटर दूर जयसिंहपुर के मयधन गांव में संत्री का परिवार रहता है। संतरी का यहां टीन शेड का मकान है। इसमें एक पक्का कमरा और एक टीन शेड है। संतरी के पिता बरसाती और मां नोनखरा की बचपन में ही मौत हो गई थी। संत्री दो भाई और एक बहन हैं। संत्री बड़ा और मंत्री छोटा है। संत्री दिसम्बर 2024 में नौकरी पर केरल गया था। 15 दिन पहले ही घर लौटा था। 16 नवंबर को उसे भी पुलिस घर से लेकर गोसाईंगंज थाने गई। वहां से कर्नाटक लेकर चली गई। संत्री के 3 बच्चे हैं। बड़ा बेटा आर्यन (10), दूसरा आर्या (5) और एक बेटी अनन्या है। एक बीघा खेती है। छोटा भाई दिल्ली में काम करता है। वह शुक्रवार को घर आया है। मां-बाप की मौत के बाद बचपन से दोनों भाइयों को उनके मामा ने पाला है। संतरी की पत्नी सोनी ने बताया- मुझे यह नहीं पता है कि उनके पति को किस मामले में पुलिस ने पकड़ा है। घर पर आए पुलिसकर्मियों ने केवल इतना कहा था कि वे उन्हें केरल ले जा रहे हैं। पूछा- किस मामले में कार्रवाई हो रही है, तो पुलिसकर्मियों ने कहा- यह जानकारी गोसाईंगंज थाने से ही पता चलेगी। रविवार शाम पुलिस उनके पति को लेकर चली गई। ———————————————– ये खबर भी पढ़िए… चंद्रशेखर को गर्लफ्रेंड की धमकी- इंडिया आ रही…खत्म कर दूंगी:जिस मां-बाप ने प्यार दिया, उन्हें ही धमका रहे; अब ताकत दिखाऊंगी यूपी की नगीना सीट से सांसद चंद्रशेखर और उनकी कथित एक्स गर्लफ्रेंड डॉक्टर रोहिणी घावरी के बीच विवाद थम नहीं रहा है। रोहिणी का दावा है कि चंद्रशेखर ने उनके मां-बाप को जेल भिजवाने की धमकी दी। रोहिणी ने चंद्रशेखर को धोखेबाज, एहसान फरामोश आदमी बताया। पूरी खबर पढ़िए…