सुल्तानपुर में ट्रेन से युवक के दोनों पैर कटे:ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर, 15 दिन पहले आया था घर, लव मैरिज की थी

राजगीर से नई दिल्ली जा रही श्रमजीवी एक्सप्रेस से कटकर सुल्तानपुर जंक्शन पर एक युवक के दोनों पैर कट गए। यह घटना रविवार देर शाम प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर हुई, जिसके बाद मौके पर यात्रियों की भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने घायल को सुल्तानपुर चिकित्सा महाविद्यालय भेजा। रेलवे पुलिस ने घायल की पहचान मोहम्मद शहबाज (23) पुत्र नसरुद्दीन के रूप में की है। वह सुल्तानपुर जिले के लंभुआ थाना क्षेत्र की रेलवे स्टेशन वाली गली का निवासी है। राजकीय रेलवे पुलिस के थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक के दोनों पैर कट गए थे। सुल्तानपुर चिकित्सा महाविद्यालय से गंभीर हालत को देखते हुए शहबाज को लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। शहबाज दिल्ली में अपने पिता के टोपी के कारखाने में काम करता था और घटना के समय वह दिल्ली ही जा रहा था। उसके पिता निजामुद्दीन का दिल्ली में 15 साल पुराना कारखाना है। शहबाज 15 दिन पहले ही अपने घर आया था। वह अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा है, अन्य दो भाई सरताज और अरबाज हैं। उसकी शादी लॉकडाउन के दौरान हुई थी और उसका कोई बच्चा नहीं है। उसने अपनी मामा की लड़की से प्रेम विवाह किया था।