सुल्तानपुर में पटीदारों से झगड़े में होमगार्ड के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस गोलीबारी में होमगार्ड और बड़ा बेटा घायल हो गया। झगड़े के दौरान करीब 5 राउंड फायरिंग हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। एसपी चारू निगम भी अस्पताल पहुंचीं और घायलों का हालचाल लिया। एसपी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाई गई हैं। दबिश दी जा रही है। जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामला कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के जनऊपुर गांव का गुरुवार शाम का है। अब जानिए पूरा मामला… दरअसल, होमगार्ड वीरेंद्र प्रताप सोनकर की गांव के रमेश सोनकर से लंबे समय से रंजिश चल रही है। गुरुवार सुबह वीरेंद्र प्रताप के बड़े बेटे मंगल (30) के बच्चे का रमेश सोनकर के परिवार के एक बच्चे से खेल में विवाद हो गया था। उस समय दोनों पक्षों ने आपस में सुलह कर ली। पुलिस से भी शिकायत नहीं की गई। गुरुवार शाम को रमेश सोनकर के परिवार की महिलाएं, उनका बेटा भोलू सोनकर, होमगार्ड वीरेंद्र प्रताप के घर पहुंचे। वहां झगड़ा फिर से बढ़ गया। आरोप है, वहां भोलू सोनकर ने 5 राउंड फायरिंग की। इसी में वीरेंद्र प्रताप के बेटे मोहित सोनकर (26) के सीने में दो गोलियां लगीं। उसे अस्पताल ले जाया गया, यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, मोहित के भाई मंगल को भी एक गोली लगी। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। उसका सीटी स्कैन कराया गया है। वहीं, होमगार्ड वीरेंद्र प्रताप को भी चोट आई है। उनका का भी इलाज किया गया। मुख्य आरोपी भोलू सोनकर की गिरफ्तारी के लिए एसओजी (SOG) और थाने की विशेष टीमें बनाई गई हैं। घटना की FIR दर्ज कर ली गई है। एसपी चारू निगम ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल-चाल लिया। उन्होंने बताया मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगा दिया गया है। देहात कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। इलाके में फोर्स तैनात की गई है। ————————— ये खबर भी पढ़िए… 17 साल के भतीजे ने चाची की हत्या की, बेडरूम में घुसकर कनपटी पर गोली मारी; मेरठ में मर्डर के बाद थाने पहुंचा मेरठ में गुरुवार सुबह 17 साल के भतीजे ने 32 साल की चाची की हत्या कर दी। भतीजा अचानक बेडरूम में घुसा। कनपटी में सटाकर तमंचे से गोली मार दी। फिर मौके से भाग गया। हालांकि, थोड़ी देर बाद उसने मवाना थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। पढ़ें पूरी खबर…