सुल्तानपुर में हाईटेंशन तार से युवक की मौत:डीजे पर वीडियो बनाते समय करंट लगा, बचाने वाला भी घायल

सुल्तानपुर में एक शादी समारोह के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के बढ़ौनाडीह गांव में उस समय हुई जब बारात निकल रही थी। जानकारी के अनुसार, बढ़ौनाडीह निवासी गंगा प्रसाद के पुत्र की बारात कादीपुर के मंगरावा गांव जा रही थी। बारात घर से निकलते ही डीजे पर नाच-गाना शुरू हो गया। इसी दौरान गांव निवासी संतोष कुमार का 25 वर्षीय पुत्र शिवा डीजे पर चढ़कर वीडियो बनाने लगा। तभी वह ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। शिवा को बचाने के लिए पाखरपुर जलालपुर अम्बेडकर नगर निवासी सत्य गौड़ उर्फ रंजीत दौड़ा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गया। घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग तुरंत दोनों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतिगरपुर ले गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने शिवा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, रंजीत की गंभीर हालत को देखते हुए उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है। मोतिगरपुर थाना प्रभारी एके सिंह ने बताया कि मृतक शिवा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।