बरेली में क्रिसमस पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने कोतवाली को घेर लिया। ईसाई मिशनरी के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। कहा- हिन्दू धर्म को बदनाम किया जा रहा। ताकि लोगों में नफरत पैदा हो और वे ईसाई धर्म अपनाएं। कार्यकर्ताओं ने सीओ पर चर्च के खिलाफ कार्रवाई न करने का आरोप भी लगाया। कल बुधवार को भी बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने कैंट में सेंट अल्फोंसस कैथेड्रल चर्च के सामने नारेबाजी की थी। जय श्री राम, हर हर महादेव के नारे लगाए। ॐ नमः शिवाय के जाप के साथ ही हनुमान चालीसा का पाठ भी किया था। वहीं, आज लखनऊ के मुख्य चर्च कैथेड्रल में इस्कॉन के भक्तों ने हरे रामा-हरे कृष्णा संकीर्तन किया। आज यूपी के अलग-अलग जिलों में क्रिसमस की धूम देखने को मिल रही है। प्रयागराज में सेंटा बना युवक भीड़ के बीच स्कूटी से पहुंच गया। बच्चों को टॉफी-चॉकलेट बांटने लगा। नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ के मॉल्स में क्रिसमस सेल ने लोगों को खूब एंटरटेन किया। कल रात 12 बजे के बाद प्रदेशभर में प्रभु यीशु के जन्मोत्सव पर विशेष प्रार्थना हुई और कैंडल जलाए गए। केक काटकर लोग एक-दूसरे से गले मिले और क्रिसमस की बधाई दी। माता मरियम और प्रभु यीशु के बाल रूप की सजी झांकियों को देखने के लिए भीड़ उमड़ी। गुरुवार सुबह भी गिरजाघरों में मेले का आयोजन किया गया।आज, 25 दिसंबर को भी सभी चर्चों में विशेष प्रार्थना और कार्यक्रम हो रहे। अब क्रिसमस सेलिब्रेशन की तस्वीरें… दुनियाभर के लोग हर साल 25 दिसंबर को क्रिसमस मनाते हैं। ये ईसाइयों का सबसे बड़ा त्योहार है। इसी दिन ईसा मसीह (जीसस क्राइस्ट) का जन्म हुआ था, इसलिए इसे बड़ा दिन भी कहते हैं। इस दिन के लिए चर्च को खासतौर से सजाया जाता है। क्रिसमस के पहले वाली रात में गिरजाघरों में प्रार्थना सभा की जाती है, जो रात के 12 बजे तक चलती है।