सोनभद्र में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को शक्तिनगर थाना क्षेत्र में प्रभावी कार्रवाई की गई। शक्तिनगर पुलिस ने आबकारी निरीक्षक दुद्धी, सोनभद्र के साथ एक संयुक्त टीम गठित की। इस टीम ने बस स्टैंड शक्तिनगर और आसपास की बस्तियों में अवैध कच्ची शराब की तलाश में सघन दबिश दी। दबिश के दौरान टीम ने तीन अलग-अलग स्थानों से लगभग 2 से 3 क्विंटल अवैध लहन बरामद किया। बरामद लहन को मौके पर ही विधिवत नष्ट कर दिया गया। कार्रवाई के साथ ही पुलिस और आबकारी टीम ने स्थानीय बस्तियों में निवास कर रहे बच्चों, महिलाओं और पुरुषों को नशे के दुष्परिणामों से बचाव की जानकारी दी साथ ही उन्हें नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई और नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया गया। वहीं शक्तिनगर पुलिस और आबकारी विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार में लिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।