सोनभद्र में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर वांछित, वारंटी और पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत 24 घंटे की सघन कार्रवाई में कुल 98 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के पर्यवेक्षण में जनपदीय पुलिस की विभिन्न टीमों ने इस अभियान को अंजाम दिया।जनपद के सभी थानों की पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्र में सक्रियता दिखाते हुए लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी अभियुक्तों की धरपकड़ की। अभियान के दौरान थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस सबसे आगे रही, जहां से सर्वाधिक 19 वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की गई। इसके अलावा दुद्धी ने सात, चोपन ने छह, करमा ने चार, घोरावल ने तीन, शाहगंज ने दो, पन्नूगंज ने छह, रायपुर ने चार, मांची ने तीन, रामपुर बरकोनिया ने एक, ओबरा ने चार, कोन ने पांच, जुगैल ने दो, विंढमगंज ने तीन, म्योरपुर ने पांच, बभनी ने आठ, बीजपुर ने तीन, पिपरी ने चार, अनपरा से चार व शक्तिनगर पुलिस ने पांच वारंटियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद को अपराधमुक्त और सुरक्षित बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और इसके लिए हर स्तर पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।