सोनभद्र पुलिस लुटेरी दुल्हन गैंग के 3 आरोपी गिरफ्तार:नकली शादी कर दूल्हे से लूटा था डेढ़ लाख रुपए, बरामद;  मुख्य सरगना की तलाश

सोनभद्र की म्योरपुर पुलिस ने एक संगठित ‘लुटेरी दुल्हन गैंग’ का भंडाफोड़ करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह नकली शादी रचाकर दूल्हे और उसके परिवार को लूट लेता था। पुलिस ने आरोपियों के पास से 9,500 रुपए नकद, सोने का मंगलसूत्र, एक जोड़ी चांदी की पायल और शादी का लाल जोड़ा बरामद किया है। दरअसल यह कार्रवाई 6 नवंबर को म्योरपुर और विंढमगंज थाना क्षेत्रों में की गई। गिरोह का खुलासा राजस्थान के जालोर निवासी रमेश कुमार की शिकायत के बाद हुआ। रमेश ने आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके आधार पर म्योरपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। रानी पहले से शादीशुदा पुलिस टीम ने रानी कुमारी, माया देवी और रवि रंजन मौर्या को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी सोनभद्र के निवासी हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि रानी कुमारी पहले से शादीशुदा है। रवि रंजन मौर्या की पत्नी है। जबकि माया देवी रानी की मां है। जांच में सामने आया कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था। गिरोह का सदस्य कृष्णा मौर्या विवाह के इच्छुक लोगों से संपर्क कर फर्जी शादी की डील तय करता था। इसके बाद दुल्हन बनी रानी शादी कर दूल्हे के साथ कुछ दूरी तक जाती, फिर मौका पाकर गहने और नकदी लूटकर फरार हो जाती थी। गिरोह का मुख्य सरगना फरार पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर को भी गिरोह ने इसी तरह की वारदात की थी। राजस्थान के रमेश कुमार से शादी कर फर्जी दुल्हन रानी ने रास्ते में ही मारपीट कर 1.5 लाख के गहने और नकदी लूटी और फरार हो गई थी। इस वारदात में शामिल कृष्णा मौर्या और राजू माली अब भी फरार हैं। पुलिस के अनुसार, यही दोनों इस गिरोह के मुख्य सरगना हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि शिकायत प्राप्त होते ही म्योरपुर पुलिस ने तेजी से जांच कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें रानी कुमारी (23)- फर्जी दुल्हन, माया देवी (50)- रानी की मां, रवि रंजन मौर्या (26)- रानी का पति है। जिसने शादी में लड़की का भाई बनकर भूमिका निभाई थी। गहनों को बेचकर रकम बांट लेते थे तीनों ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया और बताया कि वे पहले भी कई राज्यों में इसी तरीके से नकली शादी कर ठगी कर चुके हैं। शादी से मिले गहनों को यह गिरोह बेचकर रकम आपस में बांट लेता था। इस गिरोह का भंडाफोड़ म्योरपुर थानाध्यक्ष कमलनयन दूबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने किया। पुलिस अब गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में दबिश दे रही है।