गोरखपुर के एम्स थाना क्षेत्र के सिक्टौर के पास रामपुर चौराहे पर अनियंत्रित स्कॉर्पियो की चपेट में आकर सड़क पर टहल रहे 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और दाे की मौत हो गई। घायलों को एम्स पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा कि मृतक में एक राहगीर और स्कॉर्पियो चालक शामिल है। घटना के बाद रामपुर चौराहे पर चीख पुकार मच गई। मृतक की पहचान 35 साल के झीनक और 40 साल के चालक संजय सिंह के रूप में हुई। संजय सिंह की स्कॉर्पियो चला रहा था। घायलों में 10 वर्षीय हिमांशु और 15 साल के प्रिंस और अमर का नाम शामिल है। डॉक्टरों ने घायलों की हालत भी गंभीर बताई है। घटना मंगलवार रात 8:15 बजे की है। लोगों ने बताया कि रात के समय रामपुर चौराहे के पास सड़क किनारे एक दुकान के पास काफी लोग खड़े थे। इस दौरान एक स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में आई। पहले सड़क किनारे गुमटी पर टक्कर मारी। इसके बाद आस-पास खड़े 5-6 लोगों को कुचल दिया। घटना के बाद अफरातफरी का माहौल हो गया। आस-पास के लोग दौड़कर पहुंचे। घायल लोगों को पुलिस की मदद से एम्स भिजवाया। जहां पर दो लोगों की मौत हाे गई। 4 गंभीर रूप से घायल हैं। उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद स्कॉर्पियो सवार एक युवक की पब्लिक ने पिटाई की। इसके बाद एक कमरे में उसे बंद कर दिया। गाड़ी में दो लोग सवार थे। उन्हें भी काफी चोट आई है। स्कॉर्पियो में शराब की बोतल और गिलास मिले हैं। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि शराब की नशे में तेज रफ्तार में गाड़ी चलाई जा रही थी। इस वजह से गाड़ी अनियंत्रित हो गई और इतना बड़ा हादसा हो गया। घटना स्थल पर ही चीख-पुकार मच गई। एम्स थाने की पुलिस और अधिकारी भी वहां पहुंचकर जांच पड़ताल कर रहे हैं। नाराज लोगों ने स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ कर सड़क पर ही पलट दिया है। इस संबंध में सीओ कैंट योगेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। घायलों को इलाज के लिए एम्स भेजवा दिया गया है।