लखनऊ में बाइक रेसिंग ने एक छात्र की जान ले ली। जनेश्वर मिश्र पार्क के पास बुलेट स्कूटी से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी, जिसमें इंटर के छात्र की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। छात्र के दोस्तों ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर लिखा- एक पल में सब खत्म हो गया। घटना गोमती नगर विस्तार इलाके में रविवार सुबह हुई। मृतक की पहचान गोमती नगर विस्तार के विशेष खंड के रहने वाले नैतिक कुमार (17) के रूप में हुई। वह इंटर का छात्र था। उसके पिता राम इकबाल बिजली विभाग में इंजीनियर हैं। नैतिक बुलेट से जनेश्वर मिश्र पार्क की ओर घूमने के लिए निकला था। जब वह पार्क के गेट नंबर-5 के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार बाइक आगे चल रही स्कूटी से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित हो गई और एक अन्य वाहन से टकराते हुए डिवाइडर के पास जा गिरी। नैतिक का सिर डिवाइडर से टकराकर फट गया। 2 तस्वीरें देखिए… डिवाइडर से सिर टकराने से हुई मौत हादसे के दौरान नैतिक बाइक से उछलकर गिरा और उसका सिर डिवाइडर से टकरा गया। इससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना में उसके साथ मौजूद आदित्य श्रीवास्तव और कृष्ण सिंह भी घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने नैतिक को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। परिजनों ने पोस्टमाॅर्टम से किया इनकार पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। हालांकि परिजनों ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया गया। गोमती नगर विस्तार थाना प्रभारी सुधीर अवस्थी के अनुसार घटना की असली वजह का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। दोस्त ने लाइव वीडियो पोस्ट कर लिखा- सब खत्म हो गया हादसे के बाद छात्र के दोस्तों में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद एक दोस्त ने सोशल मीडिया पर लाइव वीडियो पोस्ट कर लिखा- एक पल में सब खत्म हो गया। एएसपी का बेटा की गवां चुका 21 नवंबर 2023 को तड़के ASP एसपी श्वेता श्रीवास्तव का 9 साल का इकलौता बेटा नामिश घर से स्केटिंग करने के लिए निकला था। साथ में श्वेता श्रीवास्तव और ट्रेनर भी मौजूद थे। G-20 रोड पर कोच के साथ स्केटिंग प्रैक्टिस करने के दौरान तेज रफ्तार कार ने नामिश को टक्कर मार दी थी। इस टक्कर से नामिश हवा में करीब 15 फीट तक उछल गया। इसके बाद वह जमीन पर गिरा, जिससे उसके सिर-पेट में गंभीर चोट आईं। मुंह-नाक से ब्लीडिंग होने लगी। जिससे उसकी मौत हो गई थी। चेकिंग के दावे फेल गोमतीनगर विस्तार इलाके में अक्सर स्टंटबाजी और रीलबाजी के वीडियो वायरल होते हैं। वहीं पुलिस का दावा है कि लगातार चेकिंग अभियान चलाकर घटनाओं को रोकने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन इस घटना ने पुलिस के सभी दावों की पोल खोल दी है। सुबह जनेश्वर मिश्र पार्क में टहलने आने वाले लोगों पर भी लगातार खतरा बना रहता है। ………………………….. यह खबर भी पढ़ें ग्रीन कॉरिडोर सड़क पर 5 फीट गहरा गड्ढा: सीवर लाइन लीकेज से धंसी रोड, लखनऊ में 2 दिन पहले रक्षा मंत्री ने उद्घाटन किया था लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर की सड़क धंस गई। बीरबल साहनी मार्ग स्थित खाटू श्याम मंदिर के सामने सीवर लाइन में लीकेज होने के कारण सड़क में करीब पांच फीट गहरा गड्ढा हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित विभाग ने मौके पर सड़क मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। यहां पढ़ें पूरी खबर