स्टाफ नर्स पर डिलीवरी के बाद पैसे मांगने का आरोप:कायमगंज में 700 रुपए देने पर भड़कीं, देर रात हुआ स्थानांतरण

कायमगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं पर एक बार फिर सवाल उठे हैं। यहां एक स्टाफ नर्स पर प्रसव के बाद अवैध धनराशि मांगने और विरोध करने पर परिजनों से मारपीट व अभद्रता करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित परिवार ने केंद्र के अधीक्षक से शिकायत की है। जिसके बाद स्टाफ नर्स (संविदा) का स्थानांतरण कर उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जिठौली (राजेपुर) में तैनात किया है। गऊटोला निवासी जगतराम पुत्र मूलचंद्र ने अपनी शिकायत में बताया कि 8 मार्च 2026 की रात लगभग 1 बजे उनकी पुत्रवधू जनदेवी पत्नी विजय राजपूत की डिलीवरी हुई थी, जिसमें उन्होंने एक बेटे को जन्म दिया। सकुशल डिलीवरी के बाद ड्यूटी पर मौजूद नर्स ने कार्य के बदले 2100 रुपये की मांग की।परिजनों ने स्वेच्छा से 700 रुपये दिए, जिस पर नर्स आगबबूला हो गई। नर्स ने केवल रुपयों को फेंक दिया, बल्कि जगतराम के पुत्र को थप्पड़ मारकर डराया-धमकाया भी। घटना के समय मौके पर मौजूद अन्य तीमारदारों ने नर्स की इस अभद्रता और अवैध वसूली के प्रयास का वीडियो बना लिया। वीडियो बनाने पर नर्स और भड़क गई और उसने अन्य लोगों को इकट्ठा कर परिजनों के साथ मारपीट कर दी। इस बीच, एक एंबुलेंस चालक ने मोबाइल छीनकर एक वीडियो डिलीट कर दिया। पीड़ित परिवार ने एक वीडियो को साक्ष्य के तौर पर अस्पताल प्रशासन को सौंपकर अधीक्षक से इस भ्रष्टाचार और दुर्व्यवहार के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है। मुख्य चिकित्साधिकारी ने प्रशासनिक आधार पर शीतल विश्वकर्मा, स्टाफ नर्स (संविदा), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज का स्थानांतरण कर उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जिठौली (राजेपुर) में तैनात किया है। आदेश में निर्देश दिया गया है कि संबंधित कर्मचारी तत्काल नए तैनाती स्थल पर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करें और आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।