स्वर सप्तक ग्रुप ने लखनऊ के गोमतीनगर स्थित होटल सेवॉय में अपनी 25वीं संगीत संध्या का आयोजन किया। संगीत प्रेमियों से खचाखच भरे हॉल में सुरों की ऐसी महक घुली कि शाम यादगार बन गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अंशू टंडन ने दीप प्रज्वलन कर किया। विशिष्ट अतिथि एस.बी. राव और डॉ. एम.एस. गोयल की उपस्थिति ने समारोह को गरिमामय बनाया।संध्या के मुख्य आकर्षण गायक देवेश चतुर्वेदी रहे, जिनकी मधुर और दमदार गायकी ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्वेता दीक्षित, निधि निगम, संजय श्रीवास्तव, नीरज शर्मा और शिवाकांत त्रिवेदी ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिससे महफिल तालियों की गूंज से भर उठी। 25वीं संगीत संध्या में सुरों का उत्सव दिखा ग़ज़ल, सुगम संगीत, पुराने फिल्मी गीत और लोकप्रिय रचनाओं की विविधता ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। दर्शकों ने पूरे उत्साह के साथ कलाकारों का स्वागत किया और स्वर सप्तक ग्रुप की वर्षों की संगीत यात्रा की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन संजय शुक्ल ने अपनी प्रभावी एंकरिंग और सधी हुई वाणी से किया, जिससे मंच और दर्शकों के बीच बेहतरीन तालमेल बना रहा। स्वर सप्तक ग्रुप की यह 25वीं संगीत संध्या न केवल सुरों का उत्सव थी, बल्कि लखनऊ की सांस्कृतिक विरासत और कला के प्रति समर्पण का भी सशक्त संदेश दे गई।