सुल्तानपुर में नवजात की हत्या की आरोपी महिला को जेल भेजने में पुलिस को तीन महीने का समय लग गया। पुलिस ने आरोपी महिला को मौके से ही हिरासत में ले लिया था, लेकिन उसे न्यायिक हिरासत में भेजने में देरी हुई। कूरेभार थानाक्षेत्र के जमोली गांव निवासी शहनाज 14 अक्टूबर को बाबूगंज स्थित शारदा सहायक खंड 16 नहर पुल के पास एक नवजात बच्ची को झोले में रखकर नहर में फेंकने जा रही थी। राहगीरों की सतर्कता से महिला को मौके पर ही पकड़ लिया गया। पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर तत्कालीन द्वारिकागंज चौकी इंचार्ज द्रिवेश त्रिवेदी ने नवजात को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकीय जांच में नवजात को मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद शव का पंचायतनामा भरकर तीन डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी में पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नवजात की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया था। शहनाज ने 13 अक्टूबर की रात घर पर ही बच्ची को जन्म दिया था और अगले दिन उसे नहर में फेंकने की नीयत से घर से निकली थी, तभी उसे पकड़ा गया था। थानाध्यक्ष राम आशीष उपाध्याय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नवजात की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट मिलने के बाद 17 जनवरी को हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया,। यहां से उसे जेल भेज दिया गया।