हरदोई के शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात एक सड़क हादसा हुआ। बासित नगर मार्ग पर भदासी गांव के पास आलू से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है और उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, पचदेवरा थाना क्षेत्र के पिपरिया गांव निवासी जगरूप राठौर (65 वर्ष) पुत्र पुत्तू लाल, अपने रिश्तेदार मेघनाथ पुत्र भोजा के साथ बाइक से आंझी गांव गए थे। शाम करीब 7:30 बजे जब वे वापस लौट रहे थे, तभी भदासी गांव के पास सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जगरूप राठौर को मृत घोषित कर दिया। मेघनाथ की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे। सूचना पाकर शाहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश कर रही है और तहरीर मिलने के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।