‘हाईस्कूल पास को बना दिया ANM ट्रेनिंग सेंटर इंचार्ज’:लखनऊ के सीएमओ आफिस में नियम विरुद्ध तैनाती का आरोप, अपर निदेशक करेंगे जांच

लखनऊ के सीएमओ आफिस में कर्मचारियों को नियमों पर तांक पर रखकर तैनाती दिए जाने के मामले में IGRS पोर्टल पर शिकायत दर्ज हुई है। मामले की जांच अपर निदेशक लखनऊ मंडल को सौंपी गई है। अपर निदेशक ने सीएमओ को पत्र भेजकर जवाब तलब किया है। हालांकि, अभी तक सीएमओ आफिस से जवाब नहीं भेजा गया है। वहीं हाईस्कूल पास एएनएम को एएनएम ट्रेनिंग सेंटर का इंचार्ज बनाए जाने के मामले में अफसरों की खूब फजीहत हो रही है। जबकि इस पद के लिए बीएएसी नर्सिंग होना अनिवार्य है। ये है पूरा मामला सीएमओ आफिस में स्टेनो के दो पद हैं। दोनों पद पर महिलाओं की तैनाती पहले से है। मलेरिया विभाग से हटाए गए बाबू को यहां पर स्टेनो पद पर तैनात किया गया है। दो पद के सापेक्ष तीन स्टेनो तैनात होने के मामले को लेकर IGRS पोर्टल पर शिकायत दर्ज हुई है। शिकायकर्ता हिमांशु सोनी का आरोप है मलेरिया विभाग में बाबू के खिलाफ कई आरोप लगने के बाद उसे विभाग से हटाया गया था। अफसरों ने खेल करते हुए सीएमओ आफिस में स्टेनो के पद पर तैनाती दे दिया है। मामले की जांच अपर निदेशक लखनऊ मंडल को सौंपी गई है। इसी तरह अलीगंज स्थित एएनएम ट्रेनिंग की प्रभारी हाईस्कूल पास एएनएम को बनाया गया है। जबकि भारतीय उपचर्या परिषद नई दिल्ली की गाइडलाइन के तहत बीएससी नर्सिंग को इस पद पर तैनात होना चाहिए। पत्र भेजकर मंगा गया जवाब लखनऊ मंडल के अपर निदेशक डॉ. जीपी गुप्ता ने बताया कि आशुलिपिक की तैनाती को लेकर शिकायती पत्र के आधार पर सीएमओ से इस संबंध में जवाब मांगा गया है। हालांकि, अभी तक सीएमओ आफिस से जवाब नहीं आया है। अभी नहीं मिला कोई पत्र लखनऊ सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि अभी इस मसले को लेकर पत्र एडी आफिस से मुझे नहीं मिला है। मामले की जांच कराई जाएगी। नियम के तहत कार्य होगा।