हाथरस शहर के मोहल्ला नवीपुर कला विभव नगर में एक घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी हो गई। यह घटना तब सामने आई जब परिवार के सदस्य घर से बाहर गए हुए थे। मोहल्ला नवीपुर कला विभव नगर निवासी मान सिंह 29 नवंबर को अपने परिवार के साथ बुलंदशहर में एक कार्यक्रम में गए थे। सोमवार सुबह जब वे अपने घर लौटे, तो उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 50 हजार रुपये नकद और कुछ घरेलू सामान चुरा लिया। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। चोरी की जानकारी मिलते ही मोहल्ले के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मौका मुआयना किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की और मान सिंह की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर लिया है।