हाथरस में पूर्व ब्लॉक प्रमुख के पति समेत सात लोगों के खिलाफ भूमि पर कब्जा करने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। यह शिकायत शहर की आनंदपुरी कॉलोनी निवासी उमाशंकर ने कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में दर्ज कराई है। उमाशंकर ने अपनी शिकायत में बताया कि 19 दिसंबर की दोपहर वह नगला उम्मेद स्थित अपनी भूमि पर चारदीवारी बनवा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख के पति हेम सिंह ठेनुआं, हरेंद्र, रानवेंद्र उर्फ रानू, रोहित, अजीत, जितेंद्र और आदित्य अपने 10-12 अज्ञात साथियों के साथ मौके पर पहुंच गए। इन लोगों ने कथित तौर पर अभद्रता की, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गालियां दीं और मारपीट की। उन्होंने जबरन काम रुकवा दिया। उमाशंकर के अनुसार, उन्होंने अगले दिन फिर से काम शुरू कराया। इस पर आरोपी दोबारा आ गए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि 20 दिसंबर की रात को जेसीबी से नीम के पेड़ उखाड़ दिए गए। इसके बाद 21 दिसंबर की रात को लगभग 120 फीट लंबी चारदीवारी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। उमाशंकर का दावा है कि यह जमीन उनकी है और विपक्षी जबरन इस पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और प्रकरण की जांच की जा रही है।