हाथरस में भीषण हादसा हुआ है। आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर रोडवेज बस और दूध से भरे टैंकर की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस हाईवे पर पलट गई। वहीं, टैंकर ने हाईवे किनारे ठेला लगाकर अमरूद बेच रहे व्यक्ति को रौंद दिया। इसका वीडियो सामने आया है। वह दर्द से तड़प रहा था। चेहरे से खून बह रहा था। एक व्यक्ति गमछे से खून साफ कर रहा था। हादसे में चार लोगों की मौत हुई। मृतकों में रोडवेज बस का कंडक्टर और टैंकर के नीचे दबा ठेले वाला भी शामिल है। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। रोडवेज का शीशा तोड़कर घायलों को बाहर निकाला गया। सूचना पाकर पहुंची मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर बनवाकर 21 घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इनमें तीन की हालत गंभीर थी, जिन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। JCB और क्रेन की मदद से बस को हाईवे से हटवाया। करीब एक घंटे तक हाईवे पर आवाजाही ठप रही। मामला सासनी थाना क्षेत्र के समामई के पास का है। हादसे से जुड़ी 3 तस्वीरें देखिए… हाथरस लौट रही थी, साइकिल सवार को बचाने में हुई टक्कर
हाथरस डिपो की रोडवेज बस गुरुवार की दोपहर अलीगढ़ से हाथरस लौट रही थी। टैंकर अलीगढ़ जा रहा था। कोतवाली सासनी क्षेत्र के आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर गांव रूहल 14 नंबर भट्टे के पास अचानक टैंकर के सामने एक साइकिल सवार आ गया। टैंकर के ड्राइवर ने साइकिल सवार को बचाना चाहा, तभी विपरीत दिशा से बस आ गई। दोनों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद रोडवेज बस हाईवे पर पलट गई। इससे हाईवे पर यातायात ठप हो गया। सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण, एसडीएम नीरज शर्मा और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। रोडवेज बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। टैंकर के नीचे दबे 52 साल के सोनू को बाहर निकाला गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर बनाया। एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी जिला अस्पताल पहुंचे। जहां घायलों का हाल-चाल जाना। अधिकारियों ने हाईवे पर खड़ी रोडवेज बस को हटवाकर यातायात चालू कराया। हादसे में कंडक्टर और एक यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीसरे की जिला अस्पताल और चौथे की अलीगढ़ में इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। फोन कर डॉक्टर बुलाए गए
सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. दलबीर सिंह रावत ने बताया, एम्बुलेंस द्वारा कुल 16 मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। इनमें से 6 की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल हाथरस और मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ के लिए रेफर किया गया। इमरजेंसी वार्ड में मरीजों की भीड़ लग गई। वार्ड फुल होने के कारण कई मरीज स्ट्रेचर पर ही लेटे रहे। एक साथ इतने मरीजों को देखकर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। स्थिति को संभालने के लिए कर्मियों, फार्मासिस्टों और अन्य डॉक्टरों को भी फोन के माध्यम से केंद्र पर बुलाया गया, ताकि सभी मरीजों का समय पर उपचार किया जा सके। चार लोगों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि एक महिला को जिला अस्पताल रेफर किया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रत्यक्षदर्शी बोले- टैंकर के इंजन में हुआ धमाका
यात्री सुखबीर ने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि टैंकर से टकराने के बाद बस पलट गई। उन्होंने कहा, “मैं बस की खिड़की का शीशा तोड़कर बाहर निकला। मेरे शरीर पर काफी चोटें आई हैं।” एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, टैंकर से हुई भीषण भिड़ंत के बाद बस एक तरफ पलट गई और उसका इंजन धमाके के साथ फट गया। इससे गर्म डीजल सड़क पर फैल गया, जिसके कारण कुछ यात्री घायल होने के साथ-साथ झुलस भी गए। बेटा जितेंद्र बोला- आखों के सामने देखा हादसा सोनू के बेटे जितेंद्र ने बताया कि वह पास में ही अमरूद बेच रहा था, तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ। दौड़कर मौके पर पहुंचा तो देखा कि उसके पिता बस के नीचे दबे हुए थे। लोगों की मदद से निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था। जितेंद्र ने बताया कि उसने अपनी आंखों के सामने यह दर्दनाक हादसा होते देखा। पिता और बेटा मिलकर अमरूद बेचकर घर का खर्च चलाते थे। अब मात्र 15 साल का जितेंद्र ही परिवार का सहारा बन गया है। बहन बोली- परिवार में अकेला ही कमाने वाले थे सोनू की बहन ने बताया कि उसका भाई बाग से अमरूद खरीदकर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। वह परिवार में अकेला ही कमाने वाला था। उसने अपने बेटे को भी हाईवे पर अमरूद बेचने के लिए लगाया था, ताकि परिवार का खर्च चल सके। बहन ने भावुक होकर कहा, भाई की मौत के बाद पूरा परिवार बिखर गया है। अब कमाने वाला सिर्फ भाई का बेटा ही बचा है। ईश्वर ने हमारा सब कुछ छीन लिया। SP बोले- 18 लोग घायल
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि इस हादसे में चार लोगों की मौत हुई है, जबकि करीब 18 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 12 घायलों को जिला अस्पताल लाया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। डीएम अतुल वत्स ने बताया, एक बस और टैंकर की आमने-सामने टक्कर हुई है। प्रत्यदर्शियों के अनुसार, एक बाइक को बचाने के प्रयास में दोनों वाहनों में टक्कर हो गई। जितने भी घायल थे, उन्हें अस्पताल लाया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 12 लोग घायल और 3 लोगों की मौत हुई है। प्रशासन, पुलिस और सीएमओ की टीम मौके पर मौजूद हैं और घायलों को समुचित उपचार दिया जा रहा है। एक महिला बस के नीचे दब गई थी, जिसे बस को सीधा कर कॉरिडोर बनाकर सुरक्षित बाहर निकाला गया। महिला को बचा लिया गया है और अन्य सभी घायलों का इलाज जारी है। ……………………….. यह खबर भी पढ़ें… मेरठ में मोनाड यूनिवर्सिटी के मालिक के घर ED रेड:ताला खुलवाने के लिए चाबी वाले को बुलाया; यूपी-हरियाणा में 40 जगहों पर छापेमारी मेरठ में बाइक बोट घोटाले के मुख्य आरोपी विजेंद्र हुड्डा के घर गुरुवार को ईडी ने छापा मारा। पहले इस कार्रवाई को मोनाड यूनिवर्सिटी के फर्जी मार्कशीट घोटाले से जुड़ा बताया जा रहा था, लेकिन फिर खुलासा हुआ कि बाइक बोट में ही ईडी ने यूपी और हरियाणा में 40 जगह पर एक साथ कार्रवाई की है। दो कार से ईडी की टीम कंकरखेड़ा पहुंची। चाबी बनाने वाले को बुलवाकर मकान खुलवाया। फिलहाल टीम हुड्डा के मकान में मौजूद रहकर छानबीन कर रही है। पढ़ें पूरा मामला