हाथरस के सासनी कोतवाली क्षेत्र की संजय कॉलोनी में सोमवार देर शाम एक महिला ने आत्महत्या का प्रयास किया। महिला ने अपने देवर द्वारा शादी से इनकार करने के बाद घर के अंदर पंखे से लटककर जान देने की कोशिश की। परिजनों और पुलिस की तत्परता से उसे बचा लिया गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला को फंदे पर झूलता देख परिजनों में हड़कंप मच गया। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की मदद से महिला को फंदे से नीचे उतारा और तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई। संजय कॉलोनी निवासी इस महिला की शादी लगभग 14 साल पहले हुई थी। कुछ महीने पहले उसके पति की बीमारी के कारण मृत्यु हो गई थी। बताया जा रहा है कि पति की मौत के बाद उसका देवर उसे शादी का झांसा दे रहा था। हालांकि, बाद में देवर ने इस रिश्ते को स्वीकार करने से साफ इनकार कर दिया। देवर के इनकार से आहत होकर महिला ने कमरे के अंदर साड़ी का फंदा बनाकर पंखे से लटकने का कदम उठाया। डॉक्टरों ने बताया कि समय पर अस्पताल लाए जाने के कारण महिला की जान बचाई जा सकी है। उपचार के बाद अब उसकी हालत स्थिर है। सासनी कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार ने जानकारी दी कि इस मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। महिला फिलहाल स्वस्थ है।