हाथरस में शीतलहर, कल रहेगा स्कूलों में अवकाश:नर्सरी से 8वीं तक के विद्यार्थियों की छुट्‌टी, बीएसए ने दिया आदेश

हाथरस में शीतलहर और घने कोहरे के कारण स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर कल 29 दिसंबर (सोमवार) को नर्सरी से कक्षा 8 तक के सभी विद्यालयों में शिक्षण कार्य बंद रहेगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी स्वाती भारती ने यह आदेश जारी किया है। यह आदेश जनपद के समस्त बेसिक शिक्षा परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कम्पोजिट विद्यालय, राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त विद्यालय, वित्तविहीन, सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य सभी बोर्ड के विद्यालयों पर लागू होगा। हालांकि, इस अवधि के दौरान परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। उन्हें यू-डायस और डीबीटी जैसे विभागीय कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विद्यालय संचालकों को इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित विद्यालय के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।