बिजनौर में युवक को सांप ने डस लिया। इसके बाद युवक सांप को खुद पकड़कर अस्पताल पहुंच गया। डॉक्टर को हाथ में जिंदा सांप दिखाते हुए बोला- साहब, इसी सांप ने काटा है, जल्दी इलाज कर दो। उस समय उसके हाथ से खून बह रहा था। युवक के हाथ में सांप देखकर लोगों की भीड़ लग गई। लोग सांप के साथ उसका वीडियो बनाने लगे। अस्पताल स्टाफ ने युवक का इलाज शुरू किया। अब उसकी हालत ठीक बताई जा रही है। घटना शनिवार रात की है। वीडियो रविवार को सामने आया है। मामला बिजनौर के थाना स्योहारा क्षेत्र के मोहल्ला जोशियान का है। अब पढ़िए पूरा मामला… मोहल्ला जोशियान निवासी गौरव कुमार (30) पुत्र किशन लाल शादियों में तंदूर में रोटी बनाने का काम करते हैं। उनकी 10 साल पहले शादी हुई थी। उनके एक 8 साल का बेटा है। शनिवार शाम लगभग 7 बजे नाली में उन्हें एक सांप दिखाई दिया। गौरव ने उसे निकालने का प्रयास किया, इसी दौरान करीब साढ़े फीट लंबे सांप ने उन्हें डस लिया। हालांकि गौरव घबराए नहीं, बल्कि उन्होंने सांप को हाथ से पकड़ लिया। बिना समय गंवाए उसे हाथ में लेकर सीधे एक किमी दूर पीएचसी (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) पहुंचे। घर से अस्पताल पहुंचने में उन्हें 15 मिनट का समय लगा। हाथ में जिंदा सांप देखकर स्टाफ सकते में आ गया
अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में जब गौरव जिंदा सांप लेकर आए, तो स्टाफ सकते में आ गया। डॉक्टरों ने तुरंत सांप को सुरक्षित हटवाया। गौरव को भर्ती कर इलाज शुरू किया। डॉक्टरों ने कहा- गौरव की हालत ठीक है। सांप को जंगल में छुड़वा दिया गया है। वहीं घटना की भनक लगते ही अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि गौरव की हिम्मत की तारीफ करनी चाहिए। पीएचसी प्रभारी डॉक्टर बीके स्नेही बताया- एक युवक सांप को हाथ में लेकर अस्पताल आया था। उसे एंटी वेनम इंजेक्शन लगाया गया। आधे घंटे बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। ———————————– ये खबर भी पढ़ें यूपी में दरोगा ने शादीशुदा गर्लफ्रेंड को मार डाला:न्यूड लाश कार से ले गया, सड़क किनारे फेंकी; कुत्ते नोच रहे थे हमीरपुर में दरोगा ने शादीशुदा प्रेमिका की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने लाश के कपड़े उतारे। फिर लाश को डिग्गी में भरकर सड़क किनारे फेंक दिया। वहां से गुजर रहे लोगों ने महिला की लाश देखी। उस वक्त लाश को कुत्ते नोच रहे थे। पूरी खबर पढ़ें