हापुड़ में गुरुवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीसरी कक्षा के छात्र की मौत हो गई। आरएस फार्म हाउस के सामने एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने साइकिल सवार बच्चे को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामला बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव काकौड़ी का है। जानकारी के अनुसार, गांव काकौड़ी निवासी मन्नू (कक्षा 3) साइकिल से 57 चौराहे से अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह गांव के पास पहुंचा, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मन्नू सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चे को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मन्नू की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पिता सुंदर सिंह, दादा चरण सिंह, मां उषा देवी और बहन मानवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार हादसे के समय ट्रैक्टर तेज गति में था और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। ट्रैक्टर चालक की पहचान गांव निवासी कलुआ के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी मुनीष प्रताप चौहान ने बताया कि फिलहाल कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।