हापुड़ में अंडों को रंगकर देसी अंडे के रूप में बेचने और उनमें प्रतिबंधित एंटीबायोटिक नाइट्रोफ्यूरन (Nitrofuran) की मिलावट की शिकायतों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। विभाग ने शनिवार की रात शहर के दो प्रमुख अंडा विक्रेताओं की दुकानों पर छापेमारी कर अंडों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सिकंदर गेट स्थित समीर एग्स और पुराना बाजार स्थित भारत एग सेंटर का निरीक्षण किया। खाद्य अधिकारी आरपी गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने मौके पर दोनों दुकानों से अंडों का एक-एक नमूना लिया गया, जिन्हें सील कर प्रयोगशाला भेजा गया है। सैंपलों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि दुकानों पर अंडों का रखरखाव खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं था। अंडे खुले और अस्वच्छ वातावरण में रखे गए थे, जिससे उनकी गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। दुकानदारों को नोटिस जारी इसके अतिरिक्त, दुकानदार अंडों की खरीद से संबंधित बिल और अन्य वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। इन अनियमितताओं के मद्देनजर विभागीय अधिकारियों ने दोनों दुकानदारों को नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेज, खरीदी बिल और भंडारण से संबंधित मानकों का पालन सुनिश्चित करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वे अंडे या अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी गुणवत्ता, रंग और पैकेजिंग पर विशेष ध्यान दें। किसी भी प्रकार की मिलावट या संदेह की स्थिति में तत्काल खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचित करें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके। सहायक खाद्य आयुक्त सुनील कुमार ने बताया कि मिलावटी और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक खाद्य पदार्थों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इसका उद्देश्य लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।