हापुड़ में दो पक्षों में मारपीट,दो बच्चे व महिला घायल:लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला, घटना CCTV में कैद

हापुड़ कोतवाली देहात क्षेत्र के प्रहलादनगर मोहल्ले में रविवार शाम दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते लाठी-डंडों और धारदार हथियारों के प्रयोग तक पहुंच गया। इस घटना में दो बच्चे और एक महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर दो पक्षों में पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। दोनों ओर से लोग एक-दूसरे पर हमला करने लगे। अचानक हुई इस हिंसा से पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए। घटना का पूरा घटनाक्रम पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग खुलेआम एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। कोतवाली प्रभारी पटनीश यादव ने बताया कि वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है। मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।