हापुड़ में पुलिसकर्मियों को डंडों से पीटा, वर्दी फाड़ी:गंगा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं ने हमला किया; दरोगा समेत तीन घायल

हापुड़ के गढ़ मुक्तेश्वर में कार्तिक पूर्णिमा मेले से लौट रहे श्रद्धालुओं का बुधवार देर शाम पुलिसकर्मियों से विवाद हो गया। विवाद इस कदर बढ़ा कि श्रद्धालुओं ने पुलिस पर हमला कर दिया। वर्दी फाड़ दी। इससे दरोगा और 2 सिपाही घायल हो गए। घटना नक्का कुआं रोड पर बाग कॉलोनी के सामने बने डिवाइडर कट के पास की है। ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए पुलिसकर्मियों ने ट्रैक्टर ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया। जिस पर सवार लोगों की पुलिस टीम के साथ नोकझोंक हो गई। यह नोकझोंक कुछ ही मिनटों में मारपीट में बदल गई। पुलिस ने भी हालात काबू करने के लिए हलका बल प्रयोग किया। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। मारपीट का वीडियो सामने आया है, जिसमें श्रद्धालु और पुलिसकर्मी एक-दूसरे पर लाठी चलाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने 5 आरोपियों को हिरासत में लिया है। अब पढ़िए पूरा मामला… ट्रैक्टर ट्रॉली को साइड करवा रहे थे पुलिसकर्मी गढ़ मुक्तेश्वर में बुधवार को कार्तिक मेला था। गंगा स्नान के बाद तमाम श्रद्धालु अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए हैं। हापुड़ में नक्का कुआं रोड पर जाम से बचाव के लिए सिपाही सचिन चौहान और उमंग वाहनों को साइड करा रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोगों ने पुलिसकर्मियों पर लाठी, लात-घूंसों से हमला कर दिया। हंगामे की सूचना पर कस्बा चौकी प्रभारी विजेंद्र सिंह, दरोगा गौरव कुमार, उमंग त्यागी और वेदांश कौशिक समेत अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। इस दौरान श्रद्धालुओं और पुलिस के बीच पहले धक्का-मुक्की, फिर जमकर मारपीट हो गई। जिसमें दरोगा गौरव कुमार, सिपाही सचिन चौहान और उमंग की वर्दी फट गई। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर मनोज बालियान फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने हमलावरों को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने 5 लोगों को हिरासत में लिया। ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर सभी को कोतवाली पहुंचाया। मेले से लौट रहे वाहनों के कारण जाम की स्थिति
इंस्पेक्टर मनोज बालियान ने बताया, हिरासत में लिए गए सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों पर हमला एक गंभीर अपराध है। इस मामले में कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मेले से लौट रहे वाहनों की संख्या अत्यधिक थी। जिसके कारण जाम की स्थिति न बने। इसके लिए पुलिस नक्का कुआं रोड पर वाहनों को नियंत्रित कर रही थी। सीओ स्तुति सिंह ने बताया- मौके पर स्थिति अब नियंत्रण में है। वीडियो के आधार पर हंगामा करने वालों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 5 आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। ————————— ये भी पढ़ें… UP-मिर्जापुर में 2 बहनों समेत 6 महिलाएं ट्रेन से कटीं:शव के टुकड़े 50 मीटर तक बिखरे, ट्रैक पार कर गंगा स्नान करने जा रही थीं यूपी के मिर्जापुर में बुधवार को कालका एक्सप्रेस ट्रेन से कटकर 6 महिलाओं की मौत हो गई। इनमें दो सगी बहनें हैं। हादसा सुबह 9:30 बजे चुनार रेलवे स्टेशन पर हुआ। चोपन से पैसेंजर ट्रेन चुनार रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर- 3 पर पहुंची थी। भीड़ अधिक होने की वजह से कुछ श्रद्धालु प्लेटफॉर्म पर न उतरकर दूसरी तरफ ट्रैक पर उतर गए। इसी दौरान दूसरे ट्रैक पर कालका एक्सप्रेस आ रही थी। पढ़ें पूरी खबर…