हापुड़ में युवक की संदिग्ध मौत:तीन दिन पहले हुई थी शादी, फंदे पर लटका मिला शव; जांच में जुटी पुलिस

हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अलवी नगर में शनिवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 26 वर्षीय सुहेल पुत्र असलम निवासी अलवी नगर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सुहेल की शादी तीन दिन पहले 29 अक्टूबर को ही हुई थी। शनिवार दोपहर वह अपने कमरे में गया था। जब काफी देर तक वह बाहर नहीं आया और परिजनों ने आवाज लगाई तो कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा खोलने पर सुहेल का शव फंदे से लटका हुआ पाया गया, जिससे परिवार में शोक छा गया। बताया जा रहा है कि सुहेल चार भाइयों में सबसे बड़ा था और मजदूरी का काम करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।