हापुड़ में शीतलहर के चलते स्कूल बंद:घने कोहरे के कारण प्रशासन ने लिया फैसला, न्यूनतम तापमान 6 डिग्री पर पहुंचा

हापुड़ में कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। शुक्रवार शाम से ही शहर कोहरे की चादर में लिपटा रहा, जिसके चलते शनिवार को जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। शुक्रवार रात 9 बजे से ही घने कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो गई, दृश्यता 100 मीटर के बीच पहुंच गई। जिससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। हाईवे सहित प्रमुख मार्गों पर वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। दिन भर ठिठुरन बढ़ने से लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं, जिससे बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर चहल-पहल कम हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार, हापुड़ में न्यूनतम तापमान गिरकर 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। ठंडी हवाओं और कोहरे के लगातार बने रहने से सर्दी का असर और भी बढ़ गया है। जिला प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया है। प्रशासन ने बताया कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी निर्णय लिया जाएगा। सर्दी से बचाव के लिए लोग अलाव और हीटर का सहारा ले रहे हैं। प्रशासन द्वारा भी सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवाने की व्यवस्था की जा रही है। डॉक्टरों ने बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने, गर्म कपड़े पहनने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी है। मौसम विशेषज्ञ डॉ अशोक ने आगामी दिनों में भी ठंड और घने कोहरे के बने रहने की संभावना जताई है, जिससे सर्दी और बढ़ सकती है।