हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर के घर बमबाजी करना था:कानपुर में पड़ोसी के घर फेंक दिए 4 बम, जेल से शातिर ने रची साजिश; पढ़िए कबूलनामा

कानपुर के जरौली में क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष के घर शुक्रवार रात बमबाजी की गई। ये बमबाजी नकाबपोश बदमाशों ने धोखे में की थी। बदमाश प्रदेश अध्यक्ष के पड़ोस में रहने वाले हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर के घर पर बमबाजी करने आए थे, लेकिन गलतफहमी होने पर क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज सिंह भदौरिया के घर पर हमला कर दिया। पुलिस की गिरफ्त में दो बदमाशों ने ये बातें कबूल की हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बर्रा विश्वबैंक बी ब्लॉक निवासी कृष्णा परमार और बाबूपुरवा के नयापुरवा का यश यादव शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि बर्रा थाने के दो हिस्ट्रीशीटरों अजय ठाकुर और अमन वर्मा के बीच लंबे समय से वर्चस्व की जंग चल रही। इसी को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया। कुछ समय पहले युवक को घर में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने के मामले में हिस्ट्रीशीटर अमन वर्मा का नाम सामने आया था, जिसके बाद पुलिस शातिर की तलाश में लगी थी। हाल ही में हिस्ट्रीशीटर अमन वर्मा ने पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। जबकि, हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर इस वक्त बाहर है। वह राजनीतिक पैठ बनाकर अपने शत्रुओं को निपटा रहा है। इस पर जेल में बंद हिस्ट्रीशीटर अमन ने जेल में अपने गुर्गों को बुलाकर मनोज भदौरिया के घर के पास रहने वाले हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर के घर बम मारने के लिए बुलाया। दोनों हिस्ट्रीशीटर की दो तस्वीरें देखिए- कार से उतरते ही गाली-गलौज की, फिर बम मारे
जरौली फेस-वन के रहने वाले मनोज सिंह भदौरिया अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष हैं। उन्होंने बताया- शुक्रवार रात मैं अपने घर पर था। तभी रात करीब 9:30 बजे घर के बाहर एक सफेद रंग की ऑल्टो कार आकर रुकी। कार से तीन युवक उतरे। इसमें दो ने अपना चेहरा ढका हुआ था, जबकि तीसरे का चेहरा खुला था। कार से उतरते ही बदमाशों ने गाली-गलौज की। फिर मेरे घर पर एक-एक कर 4 बम मारे। मैं बाहर निकलता, इससे पहले बदमाश कार से फरार हो गए। बमबाजी से मेरे घर की खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो गईं। मैंने यूपी-112 पर फोन करके घटना की जानकारी पुलिस को दी। कुछ ही देर में मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे CCTV की जांच की। इसमें बदमाशों की तस्वीर कैद थी। हमले से जुड़ी 2 तस्वीरें देखिए- बमबाजी करने वाले 2 अरेस्ट, तीसरे की तलाश में दबिश
बर्रा इंस्पेक्टर रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज देखे। शनिवार देर शाम पुलिस ने 2 आरोपियों को अरेस्ट कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम बाबूपुरवा, नयापुरवा निवासी अंश यादव और बर्रा विश्व बैंक बी ब्लॉक निवासी कृष्णा परिहार बताए। जबकि उनके तीसरे साथी की तलाश की जा रही है। आरोपियों ने बताया कि हम लोग जरौली में रहने वाले हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर के घर में बमबाजी करने गए थे। मगर भूलवश क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष के घर में बमबाजी कर दी। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि फोरेंसिक को मौके पर बुलाया गया था। उन लोगों ने सबूत जुटाए हैं। बर्रा पुलिस ने CCTV के आधार पर कार की पहचान कर दो आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों ने बताया कि बर्रा थाने के दो हिस्ट्रीशीटरों अजय ठाकुर व अमन वर्मा के बीच वर्चस्व को लेकर जंग चल रही है। हिस्ट्रीशीटर अमन वर्मा ने आरोपियों को महासभा अध्यक्ष के घर के पास रहने वाले हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर के घर पर बम और पत्थर मारने के लिए भेजा था। हिस्ट्रीशीटर अमन वर्मा जेल में है। जबकि हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर इस वक्त बाहर है।
अब वीडियो में जो दिख रहा, वो पढ़िए-
बदमाशों के घर पर बमबाजी करने का 2 मिनट का वीडियो सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि मनोज सिंह भदौरिया के घर के बाहर एक सफेद रंग की ऑल्टो कार आकर रुकती है। फिर बदमाश कार को घर के सामने से यू टर्न लेकर आगे मोड़ पर खड़ा कर देते हैं। इसके बाद कार से 3 लोग उतरते हैं। इनमें दो नकाबपोश के हाथ में एक-एक बम है। जबकि तीसरे बदमाश के दोनों हाथों में बम होता है। तीनों आरोपी एक के बाद एक मकान पर बम फेंकते हैं। इसके बाद कार में बैठकर फरार हो जाते हैं। ——————- ये खबर भी पढ़िए- सामूहिक विवाह में घोटाला, महिला अफसर हटाई गईं: शिल्पी सिंह लखनऊ अटैच, कानपुर में दुल्हन को लड्डू कम दिए, रसगुल्ले के लिए लूट मची थी कानपुर में गुरुवार को 551 जोड़ों का सामूहिक विवाह और निकाह हुआ था। इसमें रसगुल्लों के लिए लूट मच गई थी। अब इस आयोजन में घोटाले की बात सामने आई है। शासन की ओर से जिला समाज कल्याण अधिकारी शिल्पी सिंह को समाज कल्याण निदेशालय लखनऊ अटैच कर दिया गया है। उनकी जगह पर शिवम सागर को नया जिला समाज कल्याण अधिकारी नियुक्त किया गया है। पढ़ें पूरी खबर…