हैबतपुर डूब क्षेत्र में 6000 वर्ग मीटर जमीन मुक्त:ग्रेनो प्राधिकरण ने अवैध निर्माण ध्वस्त किया, कॉलोनाइजर पर कार्रवाई

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बुधवार को हैबतपुर के हिंडन डूब क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण ने लगभग 6000 वर्ग मीटर जमीन पर हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। परियोजना और भूलेख विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की, जहां कॉलोनाइजर अवैध कॉलोनियां बसाने की फिराक में थे। ग्रेनो प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने बताया कि हिंडन डूब क्षेत्र में अतिक्रमण रोकने के लिए एनजीटी (राष्ट्रीय हरित अधिकरण) के आदेश हैं। प्राधिकरण इन आदेशों का पालन करते हुए लगातार कार्रवाई कर रहा है। एसीईओ ने चेतावनी दी कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति या नक्शा पास कराए अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ प्राधिकरण की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि ग्रेटर नोएडा में जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से संपर्क कर पूरी जानकारी लें और अपनी गाढ़ी कमाई अवैध कॉलोनियों में न फंसाएं। यह कार्रवाई हैबतपुर के खसरा संख्या 280 और 287 की करीब 6000 वर्ग मीटर जमीन पर की गई। यह जमीन हिंडन के डूब क्षेत्र में आती है और प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र का हिस्सा है। परियोजना विभाग के वर्क सर्किल 3 की टीम ने प्राधिकरण पुलिस के सहयोग से यह ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। वर्क सर्किल-3 के प्रभारी राजेश कुमार निम और प्रबंधक रोहित गुप्ता सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में बुल्डोजर ने लगभग दो घंटे में अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।प्राधिकरण के महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह ने बताया कि प्राधिकरण ने अवैध निर्माण को कई बार रुकवाने का प्रयास किया था। हालांकि, अवैध निर्माणकर्ताओं ने काम जारी रखा, जिसके बाद यह बड़ी कार्रवाई करनी पड़ी।