सहारनपुर की रहने वाली एक्ट्रेस उर्मिला सुरेश राठौर ने एक कॉल रिकॉर्डिंग को वायरल कर उत्तराखंड की राजनीति में हलचल मचा दी है। सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों में उर्मिला का नाम गूंज रहा है। वजह है अंकिता भंडारी हत्याकांड। भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की रिकॉर्डिंग वायरल हुई। इसके बाद उत्तराखंड से लेकर देश की राजनीति में हलचल मच गई। बड़े-बड़े भाजपा नेताओं पर आरोप लगने के बाद उत्तराखंड में लोगों ने प्रोटेस्ट शुरू किया। इसके बाद हत्याकांड की सीबीआई जांच का रास्ता साफ हुआ। अब अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच सीबीआई के पाले में है। लेकिन इसी बीच वह उर्मिला सनावर सामने आई हैं, जिन्होंने ऑडियो वायरल की। उर्मिला ने दैनिक भास्कर से बात की। उनका कहना है मैंने अंकिता के मर्डर का मुद्दा उठाया है। मुझे डर है सरकार में बैठे कुछ लोग मेरी हत्या करा सकते हैं। ये मेरी जिंदगी का सबसे खराब समय है। अब सिलसिलेवार पढ़िए..अंकिता भंडारी हत्याकांड पर एक्ट्रेस उर्मिला सुरेश राठौर से बातचीत:- सवाल: 15 जून के बाद आपकी और सुरेश राठौर की कहानी किस मोड़ पर पहुंची?
जवाब: 15 जून के बाद हमारी और सुरेश राठौर की ट्यूनिंग खत्म हो गई। उस दिन के बाद जो हुआ, उसने साफ कर दिया कि यह कहानी अब आगे नहीं बढ़ेगी। मेरे हिसाब से उत्तराखंड और देश के साथ हमारी और सुरेश राठौर की कहानी यहीं खत्म हो चुकी है। सवाल: 10 अक्टूबर को करवाचौथ पर हरिद्वार जाने के दौरान क्या हुआ?
जवाब: हम करवाचौथ पर हरिद्वार गए थे। सुरेश राठौर हमें मॉल या किसी अच्छी जगह भी ले जा सकते थे, लेकिन वे हमें ऋषिकेश की तरफ उस रिजॉर्ट में ले गए, जहां अंकिता भंडारी हत्याकांड हुआ था। वहां खड़े होकर वे उसी हत्या, बुलडोजर कार्रवाई और कोर्ट के आदेशों की बातें करने लगे। उस समय हमने इसे हलके में लिया, लेकिन बाद में समझ आया कि यह सब सामान्य नहीं था। सवाल: इसके बाद आपके घर में विवाद कैसे बढ़ा?
जवाब: इसके बाद सुरेश राठौर और उनके करीबी दुष्यंत गौतम को लेकर फिर झगड़े शुरू हो गए। हमारे घर में तनाव इतना बढ़ा कि एक बातचीत की रिकॉर्डिंग अनजाने में मेरे फोन में रिकॉर्ड हो गई। यही रिकॉर्डिंग बाद में पूरे विवाद की जड़ बनी। सवाल: ज्वालापुर विधानसभा को लेकर क्या विवाद हुआ?
जवाब: जब आखिरी बार सुरेश राठौर हमारे घर आए, उसी दिन ज्वालापुर विधानसभा-27 को लेकर बड़ा विवाद हुआ। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मुझसे कहा था कि ज्वालापुर सुरक्षित सीट है, उसकी तैयारी करो। इसी बात पर सुरेश राठौर ने कहा-मैं ज्वालापुर का राजा हूं। यहीं से बात बिगड़ गई। सवाल: आपने आत्मदाह जैसी बात क्यों कही थी?
जवाब: जब हमारी एक वीडियो वायरल हुई, जिसमें आत्मदाह की बात थी, उसके बाद हम सीधे महेंद्र भट्ट के पास गए। हमने उन्हें पूरी रिकॉर्डिंग सुनाई, लेकिन किसी ने गंभीरता से नहीं लिया। उल्टा यही कहा गया कि सुरेश राठौर को छोड़ो और चुनाव की तैयारी करो-मैं हूं ना। सवाल: सोशल मीडिया से गायब होने के बाद आप कहां थीं?
जवाब: वो मेरी जिंदगी का सबसे डरावना वक्त था। देहरादून, हरिद्वार से लेकर दिल्ली तक पुलिस हमें ढूंढ रही थी। चार-चार गाड़ियां पीछे लगी थीं। हम गुरुद्वारों में रहे, रैन बसेरों में रहे, लंगर खाया। नया साल हमने रैन बसेरे में बिताया। हमें लगा था कि शायद हम जिंदा नहीं बचेंगे। सवाल: आपको क्यों लगा कि आपकी जान को खतरा है?
जवाब: क्योंकि मैंने सत्ता के खिलाफ आवाज उठाई। भाजपा के अंदर के चेहरों को जनता के सामने लाया। सुरेश राठौर, दुष्यंत गौतम और महेंद्र भट्ट सबके नाम रिकॉर्डिंग में आए। जब आपने ताकतवर लोगों के मुखौटे उतारे हों, तो डर तो लगेगा ही। सवाल: आपने जनता से क्या वादा किया था?
जवाब: दो वादे किए थे पहला, सारे ओरिजिनल डिवाइस कोर्ट में जमा कराएं। दूसरा, अंकिता भंडारी केस में सीबीआई जांच की। हमने दोनों वादे पूरे किए हैं। अब सीबीआई अपना काम करेगी। सवाल: क्या आपको विपक्ष या किसी बड़े नेता का समर्थन मिला?
जवाब: जब घरवाले साथ न दें, तो पड़ोसी ही साथ देते हैं। कुछ विपक्षी नेताओं और सामाजिक संगठनों ने संपर्क किया, लेकिन मैं आज भी भाजपा की कार्यकर्ता हूं। मैं विपक्ष में नहीं जा रही। सवाल: आगे की राजनीति क्या होगी?
जवाब: मेरा उद्देश्य राजनीति नहीं, सफाई अभियान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहना चाहती हूं कि पार्टी में ऐसे लोगों की छंटनी हो। पहले जांच हो, फिर पद मिले। सवाल: ऑपरेशन सिंदूर और अंकिता भंडारी केस, आप इन्हें कैसे देखती हैं?
जवाब: दोनों बेटियों की लड़ाई हैं। एक जिंदा महिला की और एक उस बेटी की, जिसे मार दिया गया। यह सिर्फ मेरी या अंकिता की लड़ाई नहीं, पूरे देश की बेटियों की लड़ाई है। सवाल: सोशल मीडिया अकाउंट बंद होने को आप कैसे देखती हैं?
जवाब: मेरा फेसबुक लाइव बंद कर दिया गया, इंस्टाग्राम अकाउंट उड़ा दिया गया। लोग मुझे सुनना चाहते थे, इसलिए आवाज दबाई गई। यह सिस्टम की सच्चाई है। सवाल: क्या आप अंकिता भंडारी के माता-पिता से मिलीं?
जवाब: मैं मिलना चाहती थी, लेकिन पुलिस सुरक्षा के नाम पर मुझे एक किलोमीटर पहले रोक दिया गया। न मुझे जाने दिया गया, न किसी को मुझसे मिलने दिया गया। ———————– यह खबर भी पढ़ें… सहारनपुर की एक्ट्रेस उर्मिला लापता, आखिरी VIDEO रोते-रोते बनाया:बोलीं- मेरा मर्डर हो सकता है; पुलिस मुझे निशाना बना रही यूपी के सहारनपुर में रहने वाली टीवी एक्ट्रेस उर्मिला सनावर लापता हैं। उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी मर्डर केस में न्याय की मांग करने वाली उर्मिला 4 दिन पहले फेसबुक पर लाइव आईं थी। वीडियो में दिख रहा है कि वह एक ऑटो से कहीं जा रही हैं। जोर-जोर से रो रही हैं। कह रही हैं- ‘पुलिस मुझे निशाना बना रही है। मेरी जान को खतरा है। उत्तराखंड की जनता को इस पूरे मामले में सच समझना चाहिए। चुप नहीं बैठना चाहिए।’ इस वीडियो के आने के बाद से एक्ट्रेस के सभी मोबाइल बंद हैं। घर पर ताला है। उर्मिला कहां है, ये किसी को नहीं पता। पूरी खबर पढ़िए