झांसी में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लेमीन (AIMIM) के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा- अखिलेश यादव खुद कह चुके हैं कि उन्हें मुसलमानों की जरूरत नहीं है। ऐसे में AIMIM आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की 200 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने दो टूक कहा कि अगर सपा को हमारी जरूरत नहीं है, तो वह BJP को हमारे बिना हराकर सरकार बनाकर दिखाए। यह सम्मेलन AIMIM के बुंदेलखंड अध्यक्ष सादिक अली की अगुवाई में आयोजित किया गया था, जिसमें कार्यकर्ता सम्मेलन के साथ-साथ सदस्यता अभियान भी चलाया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शौकत अली झांसी पहुंचे। उनके आगमन पर बड़ी संख्या में मुस्लिम युवा दर्जनों कारों के काफिले के साथ सभागार पहुंचे और जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में जिले भर से आए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपने समर्थकों को AIMIM की सदस्यता दिलाई। मंच से वक्ताओं ने मुस्लिम युवाओं से समाजवादी पार्टी छोड़कर असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व में AIMIM से जुड़ने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि AIMIM ही वह पार्टी है जो मुसलमानों के हक और सम्मान की लड़ाई खुलकर लड़ रही है। सम्मेलन के दौरान संगठन विस्तार और आगामी चुनावों की रणनीति को लेकर भी चर्चा की गई। AIMIM नेताओं ने दावा किया कि आने वाले समय में पार्टी बुंदेलखंड समेत पूरे प्रदेश में अपनी राजनीतिक मौजूदगी मजबूत करेगी। हमारी चमड़ी बहुत मोटी हो चुकी है मजलिस के यूपी प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हम पर भाजपा की बी-टीम होने का आरोप कोई गैर नहीं, बल्कि हमारे ही समाज के कुछ लोग लगाते हैं। उन्होंने कहा कि जब कांशीराम ने पार्टी बनाई थी, तब पुराने कांग्रेसी भी उन पर इसी तरह के आरोप लगाते थे। शौकत अली बोले कि आज वही काम पुराने समाजवादी कर रहे हैं, जिन्हें उनकी पार्टी ने इसी काम पर लगा रखा है। हालांकि, उनकी बातों से AIMIM पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। बोले-अब हमारी चमड़ी बहुत मोटी हो चुकी है। 200 सीट पर लड़ेंगे, सपा की जरूरत नहीं प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने समाजवादी पार्टी से गठबंधन के सवाल पर कहा कि सपा पहले ही साफ कर चुकी है कि उन्हें मुसलमानों के वोट की जरूरत नहीं है और वह अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि जब उन्हें हमारी जरूरत नहीं है, तो हमें भी उनकी जरूरत नहीं है। शौकत अली ने बताया कि AIMIM आगामी विधानसभा चुनाव में 200 सीटों पर दावेदार उतारने की तैयारी कर रही है। हालांकि, अंतिम फैसला पार्टी अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी लेंगे। यूपी में मुसलमान यादव-जाटव से ज्यादा एक सवाल के जवाब में शौकत अली ने कहा कि जब समाजवादी पार्टी अपने दम पर चुनाव जीतने की बात कर रही है, तो हम क्यों नहीं जीत सकते। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में यादव करीब 7 प्रतिशत और जाटव 11 प्रतिशत हैं, जबकि मुसलमानों की आबादी करीब 20 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि जब संख्या हमारी ज्यादा है तो हम सरकार क्यों नहीं बना सकते। बोले— हम 200 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे और बाकी 203 सीटें समाजवादी पार्टी के लिए छोड़ देंगे कि वह हमारे बिना भाजपा को हराकर सत्ता में आ जाए।