उन्नाव जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के बगहरी गांव में गुरुवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। गांव निवासी 15 वर्षीय किशोर शिवा शुक्ला ने घर के अंदर मफलर से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसके माता-पिता घर पर मौजूद नहीं थे। पिता सर्वेश शुक्ला और मां पिंकी किसी कार्य से लखनऊ गए हुए थे। छोटा भाई घर में था मौजूद जानकारी के अनुसार, शिवा के साथ घर में उसका छोटा भाई देवा मौजूद था। काफी देर तक शिवा के बाहर न निकलने पर परिजनों को शक हुआ। जब कमरे की ओर जाकर देखा गया तो शिवा फंदे पर लटका मिला। यह दृश्य देखते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने संभाला मोर्चा घटना की सूचना मिलते ही अजगैन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। अजगैन कोतवाली प्रभारी सुरेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।