अज्ञात महिला की तमसा नदी में डूबकर मौत:डेढ़ घंटे बाद बरामद हुआ शव, पहचान में जुटी पुलिस

मऊ शहर कोतवाली क्षेत्र के भीटी विसर्जन घाट पर सोमवार दोपहर तमसा नदी में डूबने से एक अज्ञात महिला की मौत हो गई। लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद महिला का शव बरामद किया गया। दोपहर में कुछ युवक नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात महिला वहां पहुंची और नदी में उतरने लगी। युवकों ने उसे गहरे पानी में जाने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। तेज बहाव के कारण महिला कुछ ही देर में गहराई में समा गई और डूब गई। युवकों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया गया। करीब डेढ़ घंटे बाद महिला का शव नदी से निकाला गया। शहर कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है। पुलिस उसकी पहचान के प्रयास कर रही है। इसके लिए आसपास के इलाकों में पूछताछ के साथ ही इंटरनेट मीडिया और अन्य माध्यमों का भी सहारा लिया जा रहा है।