फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के बनकटी गांव (पोस्ट बिहार) में एक सड़क दुर्घटना में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान स्वर्गीय आनंद प्रकाश के 35 वर्षीय पुत्र सतीश उर्फ सोनू और सुखवीर सिंह के 40 वर्षीय पुत्र सोनू के रूप में हुई है। यह हादसा तब हुआ जब एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना बुधवार शाम 6 बजे की है। देखिए घटना की तस्वीरे… जानकारी के अनुसार, दोनों चचेरे भाई नबीगंज रोड से सिनौडा की ओर अपनी बाइक से जा रहे थे। ग्राम बढ़नपुर के सामने एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और डायल 108 एंबुलेंस की सहायता से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद ले जाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. सन्नी मिश्रा ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतक सतीश अपने चार भाइयों में सबसे छोटे थे, जबकि सोनू अपने दो भाइयों में छोटे थे। दोनों जयपुर में वाहन चलाने का काम करते थे। मृतक सोनू की 10 वर्षीय बेटी सोलानी और पत्नी रिंकी कानपुर में रहती हैं। घटना की सूचना मिलने पर मदनपुर चौकी प्रभारी जसवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर शवों का पंचनामा भरा और उन्हें मोर्चरी में रखवाया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि सड़क दुर्घटना की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।