अतीक के “दुश्मन–दोस्त” समेत 12 भूमाफिया चिह्नित:प्रयागराज में बनी सूची में प्रॉपर्टी डीलर जैद खालिद का नाम , एटीएस की जमीन कब्जाने में दर्ज हुई थी FIR

प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के कभी करीबी रहे और बाद में दुश्मन बने जैद खालिद समेत 12 लोगों को भू माफिया घोषित करने की तैयारी की गई है। एंटी भू माफिया टास्क फोर्स ने यह सूची तैयार की है और संस्तुति के लिए डीएम के पास भेज दी है। इन सभी पर सरकारी और निजी जमीनों पर अवैध कब्जे और अपने हिस्से से अधिक भूमि विक्रय के आरोप में मुकदमे दर्ज हैं। जैद पर पिछले दिनों एटीएस व ईवीएम गोदाम की जमीन कब्जाने के आरोप में भी मुकदमा दर्ज हुआ था। 30 जनवरी को हुई बैठक 30 जनवरी को एसडीएम सदर की अध्यक्षता में तहसील स्तरीय एंटी भू-माफिया टास्क फोर्स की बैठक हुई। इसमें तहसीलदार सदर ने टास्क फोर्स के संज्ञान में लाया कि राजस्व ग्राम रसूलपुर मरियाडीह, रसूलपुर काशीपुर उपरहार, पोंगहट तालुका बमरौली, ग्यासुद्दीनपुर उपरहार सहित अन्य क्षेत्रों में भू-माफिया ने सरकारी और निजी भूमि पर कब्जा किया गया है। इसके साथ ही अंश से अधिक भूमि का अवैध विक्रय भी किया है। इन मामलों में कुछ व्यक्तियों के विरुद्ध पहले ही प्राथमिकी दर्ज कराई जा चुकी है। टास्क फोर्स के समक्ष रखी गई रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि यह कृत्य स्पष्ट रूप से अपराधिक श्रेणी में आता है। जैद खालिद और उसके नेटवर्क पर नजर सूची में शामिल जैद खालिद पुत्र अब्दुल खालिद अल्का बिहार कॉलोनी, बमरौली का रहने वाला है। वह कभी माफिया अतीक अहमद का बेहद करीबी हुआ करता था और अतीक के साथ कई नामजद भी रहा। हालांकि, अतीक अहमद के जेल जाने के बाद एक जमीन को लेकर दोनों के बीच अनबन हो गई। इसके बाद वर्ष 2019 में जैद खालिद ने अतीक अहमद पर अपहरण कर जेल में पिटाई कराने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। अतीक के जेल में रहने के दौरान उसकी जैद से फोन पर बातचीत का एक ऑडियो भी वायरल हुआ था जो बेहद चर्चा में रहा था। सूची में कौन-कौन लोग अब वही जैद खालिद एंटी भू-माफिया टास्क फोर्स की नजर में आ गया है। इस सूची में उसके भाई जसीम का नाम भी शामिल है। एंटी भू-माफिया टास्क फोर्स ने जिन 12 लोगों को भू माफिया घोषित करने की संस्तुति की है, उनमें ये नाम शामिल हैं… जैद खालिद पुत्र अब्दुल खालिद वकार अहमद पुत्र अब्दुल माबूद अरविंद कुमार केसरवानी प्रमोद कुमार केसरवानी जसीम अहमद राहिल सिद्दीकी महमूद अख्तर मो. ईसा दिलशाद धीरेन्द्र प्रताप सिंह विकास सिंह अमित कुमार शुक्ला अनुमोदन का इंतजार फिलहाल एंटी भू-माफिया टास्क फोर्स की यह संस्तुति जिलाधिकारी के अनुमोदन के लिए लंबित है। इस संबंध में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि जल्द ही प्रस्ताव पर अनुमोदन कर दिया जाएगा। अनुमोदन के बाद इन सभी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की राह साफ हो जाएगी। पिछले साल अक्टूबर में दर्ज हुआ था मुकदमा जैद पर पिछले साल अक्टूबर में छह अन्य लोगों के साथ मुकदमा दर्ज हुआ था। आरोप लगा था कि सभी ने एटीएस और ईवीएम गोदाम की जमीन पर कब्जा कर लिया। जमीन पर प्लॉटिंग की फिर बेच दिया। लेखपाल की तहरीर पर केस दर्ज हुआ था। लेखपाल सुधीर कुमार और अनूप कुमार की संयुक्त रिपोर्ट के अनुसार, जैद खालिद ने रसूलपुर काशीपुर गांव में लगभग 0.38 हेक्टेयर जमीन खरीदी थी, लेकिन उसने 0.48 हेक्टेयर जमीन बेच दी। इसके अलावा, गाटा संख्या 212 की जमीन, जो ईवीएम गोदाम के लिए दर्ज थी, उस पर जैद और उसके भाई ने मिट्टी भराई और प्लॉट काटना शुरू कर दिया।रसूलपुर काशीपुर उपरहार गांव में चकमार्ग (सार्वजनिक रास्ता) और नाले की जमीन पर भी कब्जा किया गया। एटीएस की जमीन पर रास्ता बनाकर अपनी प्लॉटिंग साइट से जोड़ दिया।