अतीक के शूटर के रिश्तेदार ने की फायरिंग:गांव में दहशत फैलाने के लिए वारदात, असलहा-कारतूस संग पुलिस ने पकड़ा

माफिया अतीक अहमद के शूटर आबिद के रिश्तेदार अरशद ने बुधवार शाम पुरामुफ्ती के उमरी गांव में हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी। उसने एक के बाद एक चार फायर दागे जिससे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे असलहा और कारतूस के साथ पकड़ लिया। इसके बाद उसे थाने ले जाया गया है जहां पूछताछ हा की जा रही है। घटना शाम 5:30 के करीब की है। बताया जा रहा है कि अरशद ने अचानक असलहे से फायरिंग करना शुरू कर दिया। उसने हवा में गोलियां दागी, जिसके बाद गांव के लोग सहम गए। इसकी सूचना पर पुलिस पहुंची और उसे असलहे के साथ पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से कारतूस भी बरामद हुए। एसीपी अजयेंद्र यादव ने बताया कि एक युवक को असलहे व कारतूस के साथ पकड़ा गया है उससे पूछताछ की जा रही है। आबिद के भाई माजिद का साला है अरशद
अरशद पुरामुफ्ती थाने का हिस्ट्रीशीटर है और माफिया अतीक अहमद के शूटर आबिद के भाई माजिद का साला है। माजिद खुद भी पूरामुफ्ती थाने का हिस्ट्रीशीटर है। अरशद पर एक दिन पहले उमरी गांव के ही रहने वाले डेरी संचालक मोहम्मद कमरुल ने हमला करने और पांच लाख रंगदारी मांगने का आरोप लगाया था। कमरुल का कहना है कि फिलहाल इस मामले में अब तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। उसका यह भी कहना है कि बुधवार को अरशद ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की।