कौशांबी के संदीपन घाट थाना क्षेत्र के बड़ी धन्नी गांव में शुक्रवार देर रात एक अनियंत्रित ट्रक घर में घुस गया। इस घटना में घर के किसी सदस्य को चोट नहीं आई, परिवार ने भागकर अपनी जान बचाई। दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया। बड़ी धन्नी गांव निवासी महेंद्र सरोज शुक्रवार रात करीब 8 बजे अपने परिवार के साथ घर के बाहर टीन शेड में आग ताप रहे थे। इसी दौरान कानपुर से प्रयागराज जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर उनके घर में घुस गया। वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। ट्रक के घर में घुसने से लोहे की टीन और घर के बाहर लगा हैंडपंप टूट गया। इस घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया, जिसके बाद उन्होंने प्रयागराज से कानपुर जाने वाले मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने लगभग तीन किलोमीटर तक पीछा कर ट्रक और उसके चालक को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर संदीपन घाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर चक्का जाम हटवाया। इस दौरान हाईवे पर करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया था।