अपर शोध अधिकारी ने ली 30 हजार रुपए घूस, VIDEO:आशा बहू के चयन के लिए मांगी रकम, पीड़ित ने डीएम से की शिकायत

कन्नौज में आशा बहू के पद पर चयन के लिए रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। सौरिख सीएचसी के अपर शोध अधिकारी वीरपाल सिंह पर 60 हजार रुपये मांगने का आरोप है। वीडियो में उन्हें 30 हजार रुपए लेते हुए दिखाया गया है, जिसे उन्होंने पहले लेने से मना किया था। वीडियो सौरिख सीएचसी का बताया गया है। आरोप है कि यहां तैनात अपर शोध अधिकारी वीरपाल सिंह ने नादेमऊ क्षेत्र के नगला दरियाव निवासी एक महिला के परिजनों से आशा बहू के चयन के लिए 60 हजार रुपए की मांग की थी। आवेदक के परिजनों ने सौरिख सीएचसी पहुंचकर अपर शोध अधिकारी वीरपाल सिंह से मुलाकात की और केवल 30 हजार रुपए की व्यवस्था हो पाने की मजबूरी जताई। अधिकारी ने पहले कम पैसे लेने में आनाकानी की, लेकिन जब महिला के परिजनों ने कुछ समय बाद पूरे रुपए देने की बात कही तो उन्होंने पैसे रख लिए। इसका वीडियो भी सामने आया है। यह मामला एक आशा बहू राजेश्वरी उर्फ रजनी देवी की हत्या के बाद सामने आया है। 3 मई को राजेश्वरी की हत्या कर दी गई थी और उनका शव मैनपुरी जिले के बेवर थाना क्षेत्र के मोटा रोड पर रजबाह में मिला था। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया था। राजेश्वरी की हत्या के बाद आशा बहू के पद पर उनकी बहू का चयन कराने के लिए परिजन परेशान थे। इसी का फायदा उठाते हुए सीएचसी सौरिख में 60 हजार रुपए की डिमांड की गई थी। इस मामले को लेकर सौरिख सीएचसी के अपर शोध अधिकारी वीरपाल सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। वहां के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद कुमार से भी संपर्क नहीं हो पाया। बताया गया है कि पीड़ित परिवार ने इस मामले को लेकर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री से भी शिकायत की है।