अमरोहा में गजरौला नेशनल हाईवे 9 पर बुधवार रात करीब 8:45 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ। ट्रक और बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान जिला लखीमपुर खीरी के सोना खुर्द गांव निवासी दीपक और नितिन के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक गुरुग्राम में बाइक राइडर्स के तौर पर काम करते थे। वे शाम को अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।