अयोध्या के तपस्वी छावनी के पीठाधीश्वर जगतगुरु परमहंसाचार्य को फोन पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में अयोध्या पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। बीते शुक्रवार को अज्ञात व्यक्ति ने परमहंसाचार्य को कॉल कर जान से मारने की धमकी दी। कॉल के दौरान आरोपी ने अश्लील और आपत्तिजनक गालियां भी दीं। जगतगुरु परमहंसाचार्य की शिकायत पर अयोध्या कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संत ने पुलिस से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं संत समाज की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। मामले को लेकर ओजस्वी फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं जगतगुरु परमहंसाचार्य के उत्तराधिकारी राजर्षि महंत एकनाथ महाराज ने कहा कि परमहंसाचार्य लंबे समय से सनातन धर्म का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं, जिससे कुछ लोगों में असंतोष है। इसी कारण उन्हें धमकी दी गई है। उन्होंने पुलिस से आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसका नाम उजागर करने और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार धमकी भरे फोन की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।