अयोध्या कैंट थाना क्षेत्र में अवैध खनन का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। शनिवार देर शाम अवैध बालू खनन रोकने गई खनन विभाग की टीम पर खनन माफिया से जुड़े दबंगों ने हमला कर दिया। हमले में क्षेत्रीय प्रवर्तन अधिकारी (REO) अनंत सिंह घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब अवैध बालू से लदे ट्रक की सीलिंग की जा रही थी। खनन विभाग को अवैध खनन की सूचना मिली थी। इस पर REO अनंत सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कैंट थाना क्षेत्र के फतेहपुर सरैया के पास अवैध बालू लेकर आ रहा एक ट्रक रोका गया। अधिकारी जैसे ही वाहन की सीलिंग करने लगे, तभी 10–15 लोगों की भीड़ ने उन पर हमला कर दिया। लाठी–डंडों से मारपीट की गई, जिससे REO को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद घायल अधिकारी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। इसके बाद खनन अधिकारी कैंट थाने पहुंचे और तहरीर दी। आरोप है कि थाने में भी कुछ लोगों ने अभद्रता की, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी जिला अस्पताल पहुंचे और घायल अधिकारी का हालचाल लिया। उन्होंने बताया कि REO का मेडिकल कराया गया है। तहरीर के आधार पर 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। खनन विभाग भी सवालों के घेरे में अवैध खनन की बढ़ती घटनाओं पर स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं। क्षेत्र में लगातार हो रहे खनन को विभाग गंभीर नहीं रहता है, केवल खानापूर्ति करता है।