अयोध्या जिले के तारून थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने बिहार के एक युवक पर शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाने और बाद में फरार हो जाने का आरोप लगाया है। दोनों की पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। पीड़िता ने इस संबंध में तारून थाने में लिखित शिकायत दी है। पीड़िता के अनुसार, उसकी दोस्ती इंस्टाग्राम पर बिहार प्रांत के मोतिहारी जिले के मटाहरिया निवासी आकाश नामक युवक से हुई थी। शुरुआत में युवती ने बातचीत में रुचि नहीं दिखाई, लेकिन आकाश लगातार संपर्क करता रहा। धीरे-धीरे दोनों के बीच मित्रता बढ़ी और बातचीत का सिलसिला नियमित हो गया। शिकायत में बताया गया है कि युवती ने आकाश से शादी की इच्छा जाहिर की थी, जिस पर युवक ने पहले दूरी और परिस्थितियों का हवाला देकर मना कर दिया। हालांकि, कुछ समय बाद आकाश युवती के गांव पहुंचा और उसके परिजनों से भी मुलाकात की। इस दौरान उसने शादी का भरोसा दिलाया और युवती के घर पर कई महीनों तक रहा। पीड़िता का आरोप है कि इस अवधि में दोनों पति-पत्नी की तरह साथ रहे और युवक ने इसी भरोसे पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती का यह भी कहना है कि आकाश कभी-कभी काम के सिलसिले में बाहर जाया करता था, लेकिन फिर वापस लौट आता था। इसी बीच शादी की तारीख तय होने की बात चल रही थी, लेकिन उससे पहले ही युवक अचानक घर से निकल गया और उसके बाद से संपर्क में नहीं है। जब युवती ने उससे संपर्क करने की कोशिश की तो उसका फोन बंद मिला। खुद को ठगा महसूस करने के बाद पीड़िता ने तारून थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी। मामले को लेकर तारून थानाध्यक्ष संदीप त्रिपाठी ने बताया कि युवती द्वारा शिकायत प्राप्त हुई है, लेकिन फिलहाल वह एफआईआर दर्ज नहीं कराना चाहती है। युवती की मांग है कि पुलिस युवक का पता लगाकर उसे सामने लाए और दोनों की शादी कराए।