अयोध्या में किन्नर समाज को जागरूक करने की पहल:डोर-टू-डोर कैंपेन चलाकर SIR फॉर्म भरने की प्रक्रिया समझाई गई

किन्नर समाज को मतदान के अधिकार और SIR फॉर्म भरने की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के लिए मंगलवार को अयोध्या में डोर-टू-डोर कैंपेन चलाया गया। इस अवसर पर किन्नर कल्याण बोर्ड की सदस्य मधु काजल विशेष रूप से अयोध्या पहुंचीं और स्थानीय किन्नर समुदाय के साथ बैठक कर फॉर्म भरने की प्रक्रिया समझाई। मधु काजल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक नागरिक के सहभाग से होती है, और किन्नर समाज का वोट भी उतना ही कीमती है जितना किसी अन्य नागरिक का। उन्होंने आग्रह किया कि सभी सदस्य अपना SIR फॉर्म समय से भरें, ताकि आगामी चुनावों में वे बिना किसी बाधा के मतदान कर सकें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि किसी किन्नर को दस्तावेज या तकनीकी समस्या आती है, तो वह संबंधित बीएलओ से बात कर तुरंत समाधान कराएंगी। उन्होंने कहा कि “समाज का हर वर्ग लोकतंत्र की धुरी है। किन्नर समाज को पीछे नहीं रहने दिया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किन्नर शामिल हुए और मतदान प्रक्रिया में सक्रिय रूप से हिस्सा लेने का संकल्प लिया। प्रतिभागी पिंकी मिश्रा ने कहा- पहले हमें मतदान प्रक्रिया की पूरी जानकारी नहीं मिलती थी, लेकिन अब हम जागरूक हैं और आगामी चुनाव में मतदान जरूर करेंगे। अभियान का उद्देश्य किन्नर समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ना और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम के लिए किन्नर समाज ने मधु काजल का आभार व्यक्त किया और इसे एक महत्वपूर्ण पहल बताया।