अयोध्या में क्षत्रिय समाज का होली मिलन समारोह:समाज के उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को किया गया सम्मानित

अखिल भारतीय क्षत्रिय कल्याण परिषद, अयोध्या की ओर से रविवार को भव्य होली मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम परिक्रमा मार्ग स्थित आरबीएस होटल, जनौरा में होगा, जिसमें क्षत्रिय समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे। समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि परिषद के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व उप पुलिस अधीक्षक सूर्यबली सिंह होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, अखिलेश सिंह, शशिप्रभा सिंह और प्रदेश महासचिव सूर्य भानु सिंह मौजूद रहेंगे। परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश सिंह ने बताया कि होली के पावन पर्व के अवसर पर समाज के लोगों को एक मंच पर जोड़ने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। समारोह में समाज के वरिष्ठजनों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षत्रिय समाज हमेशा लोगों के सुख-दुख में शामिल रहा है और समाज के हितों के लिए निरंतर कार्य करता रहा है। आयोजकों ने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों से अपील की है कि वे अपने इष्ट-मित्रों के साथ समय से पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं। कार्यक्रम के संयोजन में जिलाध्यक्ष अनिल सिंह, जिला कार्यकारी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह और महिला जिलाध्यक्ष गीता सिंह सहित कई पदाधिकारी सक्रिय रूप से जुटे हैं, जबकि स्वागत की जिम्मेदारी जिला महासचिव धर्मेंद्र सिंह निभाएंगे।