अयोध्या में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक का राहुल पर निशाना:बोले – “र मतलब रार, हु मतलब हुड़दंगई और ल मतलब लफंगई

यूपी के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने एक निजी वैवाहिक कार्यक्रम में शिरकत की। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने प्रसिद्ध धार्मिक स्थल हनुमानगढ़ी में विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में डिप्टी सीएम ने एआई ग्लोबल समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए अर्धनग्न प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि धूमिल करने का प्रयास किया है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “र मतलब रार, हु मतलब हुड़दंगई और ल मतलब लफंगई।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति अब विकास और जनहित से भटककर केवल अराजकता तक सीमित रह गई है। शंकराचार्य प्रकरण को लेकर उन्होंने कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है। सरकार न्यायालय के निर्णय का सम्मान करेगी। वहीं लखनऊ विश्वविद्यालय में नमाज पढ़ने के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रशासन को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं।